देश

यूपी समेत कई राज्यों में दो दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया, ओले की भी चेतावनी

नई दिल्ली
उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में कल (तीन फरवरी) से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देने जा रहा है, जिसकी वजह से तीन से पांच फरवरी तक कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यूपी समेत कई राज्यों में दो दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओले गिरने की भी संभावना है। वहीं, कल यानी कि तीन फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाया रहेगा, जिसकी वजह से लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। हालांकि, राहतभरी बात यह है कि अब ठंड जा रही है और अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई भी गिरावट होने की संभावना नहीं है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है, जबकि राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान 11-15 डिग्री के बीच चल रहा है। वहीं, पंजाब के अमृतसर में आज सबसे कम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि तीन फरवरी से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है, जिसकी वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में तीन से पांच फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी होने जा रही है।

वहीं, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान में तीन और चार फरवरी, उत्तर प्रदेश में चार और पांच फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में चार फरवरी को भारी बरसात और बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी यूपी, पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश में चार फरवरी, पश्चिमी राजस्थान में तीन और चार फरवरी को ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

कोहरे और ठंड की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में तीन फरवरी को घने से बहुत घना कोहरा छाने वाला है। वहीं, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा में तीन फरवरी को घने कोहरे की स्थिति रहने वाली है। उधर, मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि नॉर्थवेस्ट और सेंट्रल इंडिया में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, पूर्वी भारत के राज्यों में दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस कम हो सकता है।

 

Back to top button