छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ आएंगे राहुल गांधी, सेवाग्राम का भूमिपूजन उपरांत करेंगे कृषि मजदूर न्याय योजना का शुभारंभ …

रायपुर। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के अनुसार सीएम भूपेश बघेल के निर्देश पर राज्य शासन द्वारा 3 फरवरी को नवा रायपुर के राज्योत्सव स्थल से सेवाग्राम का भूमिपूजन व रायपुर के साइंस कॉलेज से राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा फरवरी के प्रथम सप्ताह में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाना प्रस्तावित है।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा आयोजन में शामिल होने की सहमति देने के बाद रायपुर के दो जगहों पर कार्यक्रम की तैयारियों जोर-शोर से शुरू हो गई है। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए राहुल गांधी कार्यक्रम के बाद वापस दिल्ली लौट जाएंगे।

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की पहली किस्त जारी करने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी 3 फरवरी को छत्तीसगढ़ आएंगे। नवा रायपुर के राज्योत्सव स्थल से महात्मा गांधी के महाराष्ट्र के वर्धा आश्रम की तर्ज पर विकसित हो रहे ‘सेवाग्राम’ का भूमिपूजन करेंगे।

इसके बाद रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का शुभारंभ कर पहली किस्त जारी करेंगे। सीएम भूपेश बघेल ने उन्हें राज्य सरकार की ओर से आमंत्रित किया था। सीएम ने अपने पुत्र चैतन्य बघेल के शादी का भी न्यौता राहुल गांधी को दिया है। बताया जाता रहा है कि कार्यक्रम समाप्त हो जाने के बाद राहुल गांधी उसी दिन वापस दिल्ली लौट जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के लिए पंजीयन प्रक्रिया सितंबर 2021 से शुरू की गई थी। इसकी पहली किस्त गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को जारी करने की तैयारी की गई थी। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल का विवाह भी तय हो गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पिछले दिनों अपने दिल्ली प्रवास के दौरान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात कर उन्हें अपने पुत्र के विवाह समारोह का आमंत्रण दिया था। इस दौरान सीएम बघेल ने राहुल गांधी से भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना को लेकर भी चर्चा की थी।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के समक्ष इस योजना की शुरुआत करने का निवेदन भी किया था। सांसद राहुल गांधी ने भी इस आयोजन में शामिल होने की सहमति दी थी, लेकिन तारीख तय नहीं हुई थी। अब राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ आने का कार्यक्रम तय हो गया है।

Back to top button