मध्य प्रदेश

ग्वालियर में देवरानी और जेठानी ने मिलकर बुजुर्ग सास की पीट-पीटकर की हत्या

 ग्वालियर

ग्वालियर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। देवरानी और जेठानी ने मिलकर सास को लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटकर मार डाला। पास में ही खड़ा बड़ा बेटा उन्हें मां को मारने के लिए उकसा रहा था। पिटाई के बाद घायल बुजुर्ग महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस ने इस मामले में मृतक महिला की दोनों बहू, बड़े बेटे, छोटी बहू के पिता और दो भाइयों पर हत्या का केस दर्ज किया है। बड़ी बहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। जबकि तीन आरोपी फरार हैं।

एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि आंतरी थाना क्षेत्र के पीपरीपुरा में मुन्नी देवी (65) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतका की छोटी बहू चंदा, उसके पिता अमर सिंह और बेटों अजय, विजय को आरोपी बनाया गया था। वहीं पुलिस ने दतिया में दबिश देकर अमर सिंह और विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो में मृतक मुन्नी देवी की बड़ी बहू सावित्री और छोटी बहू चंदा मिलकर बेरहमी से उनकी पिटाई करते दिख रहे हैं। दोनों बहू पहले घर के अंदर पत्थर और डंडे से सास को पीटती हैं। इसके बाद घसीटते हुए घर के बाहर ले जाती हैं। बाहर भी जमकर लात-घूंसे मारती हैं। महिला लगातार उनसे छोड़ देने की गुहार लगाती रहती है। इस दौरान मुन्नी देवी का बड़ा बेटा धर्मेंद्र भी वहां मौजूद था।

जांच में पता चला कि सास मुन्नी और बड़ी बहू सावित्री के बीच पटती नहीं थी। दो साल पहले सावित्री ने सास से मारपीट की थी। उसके सिर में 7 टांके आए थे। इसके बाद मुन्नी देवी ने सावित्री को घर से अलग कर दिया था। कुछ दिन बाद छोटे बेटे रवि की शादी दतिया की रहने वाली चंदा कुमारी से की थी। ससुराल आने के बाद देवरानी-जेठानी के बीच अच्छे संबंध हो गए। मुन्नी को दोनों की बातचीत पसंद नहीं थी। वह चंदा को परेशान करने लगी। उसके बाद चंदा ने अपने पिता अमर सिंह, भाई अजय व विजय को बुलाया।

मामले में अमर सिंह पंचायत करने आया था। बातचीत के दौरान मुन्नी देवी विरोध कर रही थी, तभी बड़ी बहू सावित्री और बड़ा बेटा भी आ गए। इसके बाद विवाद होने लगा। गुस्से में सावित्री ने सास को डंडों से पीटना शुरू कर दिया। धर्मेंद्र पत्नी की मदद कर रहा था। चंदा और उसके परिजन उनको उकसा रहे थे। शाम को पुलिस गांव पहुंची, तो वहां मुन्नी देवी को गंभीर हालत में देख ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।  इसके बाद पुलिस ने चंदा और उसके पिता अमर सिंह व दो भाइयों विजय और अजय पर हत्या का मामला दर्ज किया। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी बहू सावित्री व उसके पति धर्मेंद्र को भी आरोपी बनाया गया है।

7 मार्च को सास ने तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो 5 मार्च 2024 पिपरीपुरा गांव का बताया जा रहा है. जहां गांव में रहने वाली बुजुर्ग मुन्नी देवी की बड़ी बहू सावित्री और छोटी बहू चंदा ने पहले घर और फिर घर के बाहर सड़क पर सास की जमकर पिटाई की थी. मां की पिटाई के दौरान बड़ा बेटा धर्मेंद्र अपनी पत्नी की मदद कर रहा था. पिटाई के बाद घायल अवस्था में मुन्नी देवी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था. जहां इलाज के दौरान सास ने 7 मार्च 2024 को दम तोड़ दिया था.

वीडियो सामने आते ही शुरू हुई गिरफ्तारी
पिटाई का वायरल वीडियो करीब 6 मिनट लंबा बताया जा रहा है. जो घटना के एक महीने बाद इस रविवार को वायरल हुआ. वीडियो में मु्न्नी देवी को बड़ी बहू सावित्री और छोटी बहू चंदा मिलकर बेरहमी से पिटाई करते दिख रही है. दोनों बहू पहले घर के अंदर पत्थर और डंडे से जमकर पीटते हैं, उसके बाद घसीटते हुए सड़क पर भी पिटाई करते हैं. मारपीट के दौरान बेटा धर्मेंद भी मौजूद था.

तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

एडिशनल एसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि 6 लोगों को आरोपी बनाया है. पुलिस ने बड़ी बहू सावित्री, छोटी बहू चंदा, उसके पिता अमर सिंह और दो भाइयों अजय व विजय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. छोटी बहू, भाई अजय सिंह और बड़ा बेटा फरार है. जिनकी तलाश की जा रही है.

Back to top button