मध्य प्रदेश

इंदौर के हुकुमचंद मिल के मजदूरों को किये गए भुगतान के लिए आभार माना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने भेंट की

इंदौर के हुकुमचंद मिल के मजदूरों को किये गए भुगतान के लिए आभार माना

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आज मंत्रालय में भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की और अंगवस्त्र प्रदान कर अभिनंदन किया। इंदौर की हुकुमचंद मिल के मजदूरों को किये गए भुगतान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार मजदूरों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने 1992 में बंद हुई इंदौर की हुकुमचंद मिल के 5 हजार से अधिक श्रमिकों को 224 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया है।

प्रतिनिधि मंडल में भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.पी. सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुनील किरवई, मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह, प्रदेश महामंत्री मधुकर सांवले, प्रांत संगठन मंत्री निरंजन जी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायक पटेरिया के स्वास्थ्य की जानकारी ली

पटेरिया की बेटी से फोन कर उनके हर संभव इलाज का आश्वासन दिया

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवरी जिला सागर के विधायक बृज बिहारी पटेरिया के अस्वस्थ्य होने पर उनकी बेटी प्रियंका पटेरिया से दूरभाष पर बात कर उनके पिता पटेरिया के हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बेटी प्रियंका से पिता की बीमारी की जानकारी ली। उन्होंने बेटी प्रियंका को आश्वासन दिया कि बीमारी के इलाज के लिए हर संभव मदद की जाएगी। विधायक देवरी पटेरिया का नेशनल हॉस्पीटल भोपाल में इलाज चल रहा है। वे लीवर की गंभीर समस्या के कारण अस्वस्थ हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जरूरत पड़ने पर विधायक पटेरिया को एयर लिफ्ट कर दिल्ली में इलाज कराया जाएगा।

 

Back to top button