मध्य प्रदेश

चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को उप मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

मध्यप्रदेश को मेडिकल हब बनाना है- उप मुख्यमंत्री शुक्ल

चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को उप मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

आयुष्मान भारत योजना से आज गरीब भी विशेषीकृत स्वास्थ्य सेवाओं को प्राप्त कर पा रहे हैं – उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का प्रदाय करने के लिए शासन प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सशक्त भारत के लिए स्वस्थ भारत के निर्माण पर ज़ोर दिया है। स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त और हर नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयास किए जा रहें हैं। आयुष्मान भारत योजना से आज गरीब भी विशेषीकृत स्वास्थ्य सेवाओं को प्राप्त कर पा रहे हैं। मध्यप्रदेश कृषि क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य है। हमारा प्रयास है कि मध्यप्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं का हब बने। उप मुख्यमंत्री दैनिक भास्कर के डॉक्टर्स अवार्ड 2023-24 कार्यक्रम में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने निजी क्षेत्र को पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदाय में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना के सशक्तीकरण के साथ विशेषज्ञों, चिकित्सकों और सहायक चिकित्सकीय स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता एक महत्वपूर्ण चुनौती है। सरकार नए पदों का सृजन, बांड और प्रोत्साहन के विभिन्न मॉडल पर मंथन कर प्रयास कर रही है, जिससे पर्याप्त स्टाफ उपलब्धता से उत्कृष्ट सेवाओं का प्रदाय किया जाये। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकीय विशेषज्ञों से स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में सुझाव देने का भी आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि डॉक्टर्स भगवान का रूप होते हैं। समाज में डॉक्टर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है, प्रतिष्ठा है। चिकित्सकीय समुदाय की बड़ी ज़िम्मेदारी है कि इस सामाजिक प्रतिष्ठा का गौरव और बढ़ायें। उप मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टर्स को सम्मानित किया। कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के स्टेट एडिटर सतीश कुमार सिंह, सीईओ सुमित मोदी उपस्थित थे।

 

Back to top button