छत्तीसगढ़रायपुर

मंत्री सिंहदेव पर आरोप लगाने वाले विधायक बृहस्पति सिंह को पार्टी से निष्कासित करने की मांग, प्रदेश कांग्रेस के सचिव राजवाड़े ने लिखा सोनिया गांधी को पत्र ….

रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश के स्वास्थ्य व पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव के खिलाफ आरोप लगाने वाले कांग्रेस के विधायक बृहस्पति सिंह को पार्टी से निष्कासित करने की मांग होने लगी है। प्रदेश कांग्रेस के सचिव नरेश राजवाड़े ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि बृहस्पति सिंह के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए।

पिछले दो दिनों से स्वास्थ्य व पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव को घेरने की कोशिश की जा रही थी। प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेता इस बात से भली भांति परिचित हैं कि श्री सिंहदेव का स्वाभाव विनम्र है। सभी से वे आदरपूर्वक बात करते हैं। ऐसे में वे अपने ही पार्टी के विधायक के खिलाफ कैसे कुछ बोल सकते हैं।

अब प्रदेश कांग्रेस सचिव व सूरजपुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर बृहस्पति सिंह को पार्टी से निष्कासित कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश सचिव नरेश राजवाड़े ने कांग्रेस के अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा कि रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह ने अपने पद के गुरूर में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पर्याय टीएस सिंहदेव पर अनर्गल आरोप लगाते हुये इन्हें अपमानित करने का कुण्ठित प्रयास किया है। पार्टी प्रोटोकॉल के विरूद्ध मीडिया के माध्यम से बयान जारी करके कांग्रेस पार्टी की गरिमा को धूमिल किया जा रहा है, जिससे हम स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने लिखा कि टीएस बाबा जैसे सहज, सरल और आत्मीय व्यक्तित्व पर झूठे एवं गंभीर आरोप लगाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग करते है। ऐसे व्यक्ति को न केवल पार्टी के निष्कासित करना चाहिए, बल्कि उस पर मानहानि करने पार्टी के मर्यादा का उल्लंघन करने वाले कुकृत्य के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही किया जाना चाहिए।

Back to top button