बिलासपुर । महासमुंद को छोड़कर छत्तीसगढ़ के किसी भी शहर में इतना अधिकतम तापमान पिछले 10 साल में रिकॉर्ड नहीं हुआ है। बिलासपुर का पारा जनवरी में ही 34 डिग्री के करीब पहुंच गया है। इस माह गर्मी जैसी स्थिति है। 2021 में बिलासपुर में ही 33.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ था लेकिन इस बार यह 33.8 डिग्री पहुंच चुका है। बिलासपुर के साथ ही राज्य के दूसरे शहरों में भी तापमान ज्यादा दर्ज हो रहा है।
यह इसलिए है क्योंकि 10 जनवरी के बाद लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे है। इसकी वजह से हवा का पैटर्न भी बार-बार बदल रहा है और इसके कारण अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो रही है। जनवरी को आमतौर पर ठंड का महीना माना जाता है। ठंड महसूस भी होती है। कई बार अच्छी ठंड भी पड़ती है तो कई बार कम। लेकिन इस बार गर्मी महसूस हो रही है।
जनवरी का मौसम अन्य वर्षों की तुलना में अलग ही है। इन दिनों अधिकतम तापमान रोज ही सामान्य से पांच से छह डिग्री अधिक दर्ज हो रहा है। यह पहली बार है जब जनवरी माह में लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है।
रायपुर: 32.5 डिग्री अब तक अधिकतम
रायपुर में भी गर्मी की शुरुआत हो चुकी है लेकिन यहां पारा 32.5 डिग्री ही पहुंचा है। इससे अधिक अभी नहीं गया है। हालांकि 10 वर्षों के तापमान की बात करें तो यहां तीन बार 33 डिग्री या उससे अधिक तापमान दर्ज हो चुका है। सर्वाधिक 2016 में 33.5 डिग्री दर्ज हुआ था।
ड्रारोड: इस बार 30.7 तो 2016 में सर्वाधिक 31.6
इस बार पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री एक बार दर्ज हुआ है। वहीं सबसे ज्यादा तापमान 31 जनवरी 2016 को 31.6 डिग्री दर्ज हुआ था। 2013 में 29.6, 2014 में 27.3, 2015 में 26.9,2021 में 30.4, 2022 में 27.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था।
अंबिकापुर: पारा पहली बार 28.9 डिग्री, तीसरे नंबर पर
अंबिकापुर में 2021 में 28.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था जो 10 साल का सर्वाधिक तापमान था । महासमुंद व बिलासपुर के बाद यहां का तापमान राज्य में तीसरे नंबर है। हालांकि 2013 में 27.9, 2021 में 28.4 तो 2022 में 25 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ था।
जगदलपुर: रोज 32 डिग्री से ज्यादा
जगदलपुर में भी अच्छी गर्मी महसूस होने लगी है। 24 जनवरी को 32.4, 25 जनवरी को 32.8, 26 जनवरी को 32.6 तो 27 जनवरी को यह 32.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हालांकि यहां 8 व 9 जनवरी को 7.1 व 7.5 डिग्री न्यूनतम तापमान भी दर्ज हुआ।
दुर्ग: 32.8 डिग्री, गर्मी की दस्तक
शुरुआत में तापमान 31 डिग्री था। 8 जनवरी से लगातार तीन दिन 30 डिग्री या उससे अधिक रहा। अगले कुछ दिनों तक 30 या उससे कम रहा। 23 जनवरी को 31.6, 25 जनवरी को 32.6, 26 जनवरी को 32.8 तो 27 जनवरी को यह 32.6 डिग्री दर्ज हुआ।
बार-बार पश्चिमी विक्षोभ आने का असर
“10 जनवरी से लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। बादल भी दिखाई दिए थे। हवा की दिशा बदलने से अधिकतम तापमान में भी वृद्धि हुई।” -एचपी चंद्रा, मौसम विज्ञानी, मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर