मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश की 6 नपा और 13 नगर परिषद में आज डाले जा रहे वोट

दिग्विजय के गढ़ राघौगढ़ समेत 19 नगरीय निकायों में मतदान शुरू

भोपाल। मध्यप्रदेश के 5 जिलों के 19 नगरीय निकायों में आज आम चुनाव हो रहा है। मतदान शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। जिन 19 स्थानों पर वोटिंग हो रही है, वहां सभी जगह शासन ने सामान्य अवकाश घोषित किया है।आज प्रदेश की 6 नगरपालिका और 13 नगर परिषद में 720 पोलिंग बूथ पर 5 लाख से ज्यादा मतदाता अपनी नगर सरकार के लिए मतदान कर सकेंगे। आज मतदाता 343 वार्ड पार्षदों के भाग्य का फैसला वोट डालकर कर रहे हैं। ज्ञात हो कि इन नगरीय निकायों के लिए 30 दिसंबर से 6 जनवरी तक नामांकन भरे गए। 9 जनवरी तक नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम संख्या सामने आई। 23 जनवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इससे पहले गुरुवार को सभी निकायों में मतदान दलों को रवाना किया गया।

दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ में भी हो रहा मतदान

आज जिन स्थानों पर वोटिंग हो रही है, उनमें सबसे खास और चर्चित गुना जिले की राघौगढ़ नगरपालिका में भी मतदान किया जा रहा है। यहां 24 वार्डों में 63 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। कुल 73 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 45 हजार वोटर 73 प्रत्याशियों के भाग्य तय करेंगे। राधौगढ़ कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का गढ़ है। अभी तक भाजपा के लिए अभेद रहा है और वह यहां जीत नहीं पाई है। इस बार भाजपा ने यहां बहुत मेहनत की है, साथ ही अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कुल 24 वार्डों में से जहां भाजपा 15 से ज्यादा वार्ड जीतने का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस सभी 24 के 24 वार्ड जीतने का दम भर रही है।

यहां डाले जा रहे वोट

प्रदेश के 6 जिलों के 19 निकायों के लिए वोटिंग जारी है। इनमें गुना जिले की राघौगढ़ नगरपालिका, बड़वानी जिले की बड़वानी और सेंधवा, धार जिले की धार, पीथमपुर और मनावर सहित 6 नगरपालिका शामिल हैं। इसी तरह नगर परिषदों में अनूपपुर जिले की जैतहरी, खंडवा जिले की ओंकारेश्वर, बड़वानी जिले की पानसेमल, खेतिया, पलसूद, राजपुर और अंजड़, धार जिले की धरमपुरी, धामनोद, कुक्षी, राजगढ़, सरदारपुर और डही सहित 13 नगर परिषद  शामिल हैं, जहां आज वोट डाले जा रहे हैं। हालांकि तेज ठंड के चलते सुबह साढ़े 8 बजे तक मतदान काफी धीमा चल रहा है। धूप निकल रही है और उम्मीद है इसके बाद मतदाता अपने घरों से निकलेंगे और मतदाधिकार का उपयोग करेंगे। बहरहाल, सभी स्थानों पर शांतिपूर्ण मतदान की सूचनाएं हैं।

अधिकांश निकायों में मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण

स्थानीय स्तर के चुनाव होने से अधिकांश निकायों में मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण है। प्रत्याशियों के साथ पार्टियों ने भी पूरी ताकत लगा दी है। इस बार मालवा-निमाड़ के यह निकाय चुनाव महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मालवा-निमाड़ की ही सबसे बड़ी भूमिका होगी।  दूसरी ओर निर्वाचन कार्यालय के अनुसार धार जिले में 95 संवेदनशील व 15 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा धार में 35 तो धामनोद में 7 बूथ अतिसंवेदनशील की श्रेणी में हैं। यहां आयोग ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रशासन द्वारा अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

सबसे ज्यादा बागी धार में, भाजपा की नाक का सवाल

इन नगरीय निकायों में बीजेपी को सबसे ज्यादा परेशानी धार जिले में ही है। यहां सबसे ज्यादा प्रत्याशियों ने पार्टी से बगावत की है। भाजपा में टिकट बांटने से पहले ही घमासान मचा था। ऐसे में भाजपा ने बड़ी कार्रवाई कर धार के 30 वार्ड में उतरे 17 बागियों को निष्कासित किया। भाजपा ने पीथमपुर में 14, राजगढ़ में 5, सरदारपुर, धामनोद व कुक्षी में 3-3, मनावर में 2  और धरमपुरी में 1 नेता को 6 साल के लिए निष्कासित किया है। पार्टी डेमेज कंट्रोल में कितनी सफल होती है, यह तो 23 तारीख को चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा। बहरहाल, यहां हो रहे चुनाव भाजपा की नाक का सवाल बने हुए हैं।

Back to top button