मध्य प्रदेश

एमपी में विदिशा, अलीराजपुर कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने दिया इस्तीफा, डिंडोरी जिलाध्यक्ष को बदला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने तीनों जिलों में की नए अध्यक्ष की नियुक्ति

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन में धार देने के लिए कवायद तेज कर दी है। इसी के चलते पीसीसी चीफ कमलनाथ ने तीन नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इनमें से विदिशा और अलीराजपुर के अध्यक्षों ने बुधवार को अपना इस्तीफा दे दिया था, जबकि डिंडोरी जिला अध्यक्ष को बदल दिया गया है। इन जिलों में नई नियुक्ति की गई है। राकेश कटारे को विदिशा तथा ओम राठौर को अलीराजपुर जिले की कमान सौंपी गई है। जबकि अशोक पडवार को डिंडोरी जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

चुनाव से पहले कांग्रेस में अंतर्कलह आने लगी सामने

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस में अंतर्कलह सामने आने लगी है। यही कारण है कि बुधवार को दो जिला अध्यक्षों ने इस्तीफा दे दिया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के दबाव के बाद अलीराजपुर जिला अध्यक्ष केशर सिंह डावर ने इस्तीफा है। दरअसल, इस्तीफे से 2 दिन पहले नारी सम्मान योजना के कार्यक्रम में केदार सिंह डाबर ने महेश पटेल को टिकट देने की बात कही थी। इसके 4 दिन पहले भी केदार सिंह डाबर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महेश पटेल को टिकट देने की वकालत की थी। कहा जा रहा है कि महेश पटेल के लिए टिकट की वकालत करने से कांतिलाल भूरिया नाराज हैं।

विदिशा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भी दिया इस्तीफा

इधर, विदिशा के जिला अध्यक्ष कमल सिलाकारी ने कमलनाथ को भेजे इस्तीफे में लिखा है कि जिले के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहयोग नहीं कर रहे हैं। मैं अलग विचारधारा से पार्टी में समर्पित रूप से काम कर रहा हूं। पार्टी द्वारा दिए निर्देशों का पालन करने का प्रयास कर रहा हूं, लेकिन सहयोग न मिलने की वजह से मैं अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने यह भी बताया कि मैं पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूं। पार्टी की रीति नीति और कार्य को एक कार्यकर्ता के रूप में नियमित रूप से करता रहूंगा। पार्टी में कुछ लोग सहयोग की भावना नहीं रखते हैं, जिससे नुकसान पार्टी को ही हो रहा है।

सागर महापौर के पति को कारण बताओ नोटिस जारी

दूसरी ओर बीजेपी नेताओं और मंत्रियों के बीच भी वर्चस्व की जंग चल रही है। इसी के चलते सागर सागर महापौर संगीता तिवारी के पति सुशील तिवारी के मोबाइल से व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किए गए मैसेज को पार्टी ने गंभीरता से लिया है। सुशील तिवारी द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में लिखा है कि भूपेन्द्र सिंह हो सकते हैं भाजपा के नए अध्यक्ष। इसके साथ ही उन्होंने एक पत्र भी शेयर किया है, जिसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के किसी महिला नेत्री के घर आने जाने का जिक्र किया गया था। इस मामले के सामने आने के बाद भाजपा संगठन की ओर से सुशील तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Back to top button