मध्य प्रदेश

दिनभर चलती रही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदलने की अटकलें, प्रहलाद पटेल को सोशल मीडिया पर मिलीं बधाइयां

प्रदेश कार्यालय में संगठन मंत्री, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के बीच हुई गुप्त बैठक

भोपाल। पिछले कुछ दिनों से भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सियासत का बाजार गर्म है। शुक्रवार को दिनभर भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में प्रहलाद सिंह पटेल का नाम तय होने की अटकलें चलती रहीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर प्रहलाद सिंह पटेल को बधाईयां भी देना शुरू कर दिया। इस बीच प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गूृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा एवं प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के बीच एक गुप्त बैठक भी हुई।

मप्र में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ ही भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की चर्चाएं भी आम हैं। पिछले कुछ दिनों से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश में संगठन की बागडोर किसी दूसरे चेहरे को सौंपी जा सकती है। इसी बीच शुक्रवार का दिन इन चर्चाओं से सराबोर हो गया। मध्यप्रदेश से लेकर दिल्ली तक यह चर्चा आम हो गई कि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का नाम भाजपा संगठन ने मध्यप्रदेश अध्यक्ष के लिए तय कर लिया है। कहीं कहीं आदिवासी नेता के रूप में फग्गन ङ्क्षसंह कुलस्ते का नाम भी चर्चाओं में शामिल हो गया। हालांकि यह चर्चा अटकल ही साबित हुई और किसी स्तर पर पुष्टि नहीं हुई, तो वहीं भाजपा संगठन ने इसको सिरे से खारिज कर दिया। इसी बीच भाजपा नेताओं के बीच एक बार फिर कमरा बंद बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया है। सुबह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मिलने के बाद गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और लंबे समय से हाशिये पर चल रहे प्रभात झा के बंगले पर जाकर झा से मुलाकात की। वहीं भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के देर रात भोपाल पहुंचने की संभावना। उनकी शिवप्रकाश के साथ बैठक हो सकती है।

सीएम के साथ हुई संगठन की बैठक

इसी बीच दोपहर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के साथ अलग से गुप्त बैठक की। इससे पहले गृहमंत्री डॉ मिश्रा ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ एकांत में चर्चा की, जिसके बाद फिर सीएम के साथ पांचों बड़े नेताओं की चर्चा हुई। माना जा रहा है कि सभी ने एक राय होकर अफवाहों पर विराम लगाने की बात कही, तो वहीं पर संगठन के प्रमुख मसलों पर भी चर्चा हुई। हालांकि इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अपने को असजह जरूर महसूस करते रहे।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद बन सकते हैं नए समीकरण

28 मई को देश के नए संसद भवन के लोकार्पण के बाद केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल किए जाने की तैयारी है। अभी मप्र से पंाच मंत्री केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हैं इनमें नरेंद्र सिंह तोमर, वीरेंद्र खटीक, ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते व प्रहलाद सिंह पटेल के नाम शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार मप्र में विधानसभा के आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में एक सदस्य संख्या बढ़ सकती है, तो वहीं कुछ आंशिक फेरबदल भी हो सकता है। किसी एक नेता को संगठन में एडजस्ट भी किए जाने की संभावना है।

सागर महापौर के पति सुशील तिवारी को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ अनर्गल बातें लिखने पर पार्टी ने सागर महापौर के पति सुशील तिवारी को भी नोटिस दिया है। तिवारी से 3 दिन के अंदर जबाव मांगा गया है। कभी कांग्रेस पार्टी में रहे तिवारी अब भाजपा में हैं और मंत्री भूपेंद्र सिंह के समर्थक बताए जा रहे हैं। इस मामले की शुरुआत सागर जिले में बीजेपी नेताओं और मंत्रियों के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई के दौरान हुई। तब सागर महापौर संगीता तिवारी के पति सुशील तिवारी के मोबाइल से व्हाट्सएप के एक गु्रप में ऐसा मैसेज शेयर हुआ जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी। तिवारी ने मैसेज में लिखा था कि भूपेन्द्र सिंह भाजपा के नए प्रदेश अध्यश्र हो सकते हैं। इतना ही नहीं इसके साथ ही एक पत्र भी शेयर किया गया जिसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के किसी महिला नेत्री के घर आने-जाने का भी जिक्र किया गया था। इसके बाद पार्टी महासचिव भगवान दास सबनानी ने नोटिस जारी कर अनर्गल टिप्पणी के लिए सुशील तिवारी से जवाब मांगा है।

Back to top button