मध्य प्रदेश

ओंकारेश्वर में धार्मिक रंग में रंगे नजर आए राहुल-प्रियंका, नर्मदा आरती कर चढ़ाई चुनरी, ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए

भोपाल/खंडवा। एमपी में भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन राहुल गांधी उनकी बहन प्रियंका गांधी के साथ ओंकारेश्वर पहुंचे, जहां वे नर्मदा आरती में शामिल हुए। दोनों भाई-बहनों ने मां नर्मदा को चुनरी भी चढ़ाई। इसके बाद ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी किए। वे करीब 5 मिनट तक मंदिर में रहे। इस दौरान पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। ओंकारेश्वर में राहुल गांधी धार्मिक रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने सिर पर मेहरून कलर की पगड़ी और गले में माला पहन रखी थी। राहुल ने ऊं लिखा पीले रंग का शॉल ओढ़ रखा था तो प्रियंका ने सिर पर चुनरी ओढ़ रखी थी।

इससे पहले एमपी में तीसरे दिन की यात्रा शुक्रवार सुबह खरगोन जिले के खेरदा गांव से शुरू हुई। करीब 10 किलोमीटर चलने के बाद भानबरड़ में मॉर्निंग ब्रेक हुआ। राहुल गांधी ने इस दौरान प्रदेश में सरकारी परियोजनाओं के कारण विस्थापित ग्रामीणों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि इनका पुनर्वास सरकार की जिम्मेदारी है, जिसे वह भूल गई है। राहुल गांधी ने कहा कि आपके यह आंसू व्यर्थ नहीं जाएंगे। हम साथ मिलकर आपके हक की लड़ाई लड़ेंगे और जीतेंगे। इसके बाद यात्रा खरगोन जिले के भानबरड़ पहुंची, जहां मॉर्निंग ब्रेक लिया गया। मॉर्निंग ब्रेक के बाद यात्रा दोपहर साढ़े 3 बजे भानबरड़ से फिर शुरू हुई। शुक्रवार को यात्रा 23 किलोमीटर पैदल चलने के बाद अपने आखिरी पड़ाव सनावद पहुंची। यहां लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। यात्रा रात्रि विश्राम मोरटक्का में कर रही है।

गड्ढेदार सड़कों से गुजरा राहुल का काफिला, कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर कसा तंज

भोपाल/खरगोन। भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में तीसरे दिन खरगोन जिले रही, जहां उसका सामना गड्ढेदार सड़कों से हुआ। इस पर यात्रा में सड़क भी मुद्दा बन गयी। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का वो बयान याद दिलाया, जिसमें उन्होंने कहा था एमपी की सड़कें अमेरिका से बेहतर हैं। कांग्रेस नेताओं ने तंज करते हुए पूछा क्या वॉशिंगटन की सड़कें ऐसी ही हैं। यात्रा में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और कन्हैया कुमार ने मीडिया से चर्चा की। जयराम रमेश ने कहा कि मध्य प्रदेश के बुरहानपुर, खंडवा और अब खरगोन जिले में सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे देखने को मिले हैं। सड़कों की खराब हालत के चलते उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा। उन्होंने कहा सड़कें जरूर खराब हैं, लेकिन यहां भारत जोड़ो यात्रा को अच्छा रिस्पांस मिला है। भारत जोड़ो यात्रा दरअसल कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास करने वालों के लिए संजीवनी का काम कर रही है, इससे कांग्रेस संगठन और युवाओं में नई उमंग और जोश का प्रसार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का चुनाव पर क्या असर होता है यह अलग बात है। चुनाव के लिए संगठन को और मजबूत करने, एकजुटता और अनुशासन की आवश्यकता है।

अपने उद्देश्य में कामयाब रही भारत जोड़ो यात्रा – कन्हैया कुमार

जयराम रमेश के साथ मौजूद भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि यह यात्रा उत्सव से महोत्सव में बदल चुकी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अपने उद्देश्य में कामयाब हो रही है। भाजपा राहुल गांधी की टी शर्ट, जूते के बाद अब दाढ़ी पर हमला कर रही है। कन्हैया कुमार ने अपने वामपंथ से कांग्रेस में शामिल होने और दोनों में फर्क पूछने पर कहा कि दोनों में कोई फर्क नहीं है। वे पहले भी नेहरू को मानते थे और अब वह नेहरू की पार्टी में शामिल हैं। प्रियंका वाड्रा के पुत्र रेहान के यात्रा में शामिल होने को लेकर उनकी पार्टी में लांचिंग संबंधित प्रश्न पर कन्हैया कुमार ने कहा कि यह यात्रा किसी व्यक्ति के राजनीतिक कैरियर के लिए आयोजित नहीं हुई है। इसमें सभी वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा राजनीतिक होने के साथ-साथ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक भी है।

ओलंपिक पदक विजेता बाक्सर विजेंदर सिंह भी शामिल हुए यात्रा में

मध्यप्रदेश से गुजर रही कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हर दिन नए साथी जुड़ रहे हैं। इस यात्रा में शुक्रवार को इंटरनेशनल बॉक्सर ओलंपिक विजेता विजेंदर सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मैं भाई-बहन के संघर्ष से प्रभावित होकर इस यात्रा में आया हूं। जाने-माने बॉक्सर एवं ओलंपिक में भारत को पदक दिलाने वाले विजेंदर सिंह ने कहा कि वे मध्यप्रदेश कई बार आए हैं और मध्यप्रदेश से बहुत प्यार करते हैं।

महिलाओं का हाथ पकड़कर चलने पर कांग्रेस का जवाब

भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी द्वारा महिलाओं और लड़कियों के हाथ थामकर चलने पर भाजपा लगातार हमलावर रही है। इसका जवाब देते हुए पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा कि ‘जाकी रही भावना जैसी’, जिसके मन में खुद इस तरह की दुर्भावना हो, वह इस तरह के आरोप लगाता है। यह निम्न स्तरीय आरोप हैं, जिनके घरों में पिता और बड़े भाई का स्नेह बहन और बेटियों को नहीं मिलता, वही इस तरह की ओछी मानसिकता का परिचय देते हैं। उन्होंने कहा कि जिनकी नाक के नीचे हाथरस जैसे कांड हुए हों, वे अब महिलाओं की तरफ से बोलने के भी ठेकेदार बनने लगे हैं।

27 को इंदौर पहुंचेंगे राहुल गांधी, देवी अहिल्या प्रतिमा पर नहीं करेंगे माल्यार्पण

मध्य प्रदेश में चल रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 27 नवंबर को इंदौर पहुंचने वाली है। यहां पहुंचने से पहले ही यात्रा पर सियासत शुरू हो गई है। 27 नवंबर को रात में विश्राम के बाद 28 नवंबर की सुबह 6 बजे राहुल बड़ा गणपति से अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। वे मरीमाता लवकुश चौराहा से तराना के लिए रवाना हो जाएंगे। उनकी यात्रा में राजवाड़ा पर देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम नहीं है। इसलिए बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे का कहना है मां अहिल्या न केवल मालवा, बल्कि पूरे देश में श्रद्धा का केंद्र हैं। मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने नहीं जाना कांग्रेस की विचारधारा को दर्शाता है। गौरव रणदिवे ने कहा कांग्रेस की प्राथमिकता क्या है लेकिन इंदौर शहर में आना और यह कहना कि यदि समय मिलेगा तो हम माता अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जाएंगे, यह मां अहिल्या का अपमान है। हम सब इसकी निंदा करते हैं। कांग्रेस की मानसिकता और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की प्राथमिकताएं क्या हैं इसी से लोगों को समझ में आएगा। वहीं, राहुल के अहिल्या प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण न करने पर कांग्रेस अपनी दलील दे रही है। कांग्रेस के इंदौर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल का कहना है रात में प्रतिमाओं पर माला नहीं चढ़ती है। इसलिए राहुल जी अहिल्या माता को प्रणाम कर सभा को संबोधित करेंगे।

27 नवंबर को महू से इंदौर के लिए निकलेगी यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा के इंदौर में तय कार्यक्रम के मुताबिक 27 नवंबर को यात्रा सुबह 6 बजे महू से पैदल प्रस्थान करेगी। दोपहर को राउ के एयू सिनेमा के पास लंच ब्रेक फिर दोपहर 4 बजे एयू सिनेमा से यात्रा प्रारंभ होगी। यहां से राजेंद्र नगर पुलिस थाने होते हुए चाणक्यपुरी चौराहा। इसके बाद यहां से केसरबाग ब्रिज से उतरकर चोइथराम मंडी चौराहा। चोइथराम मंडी चौराहा से माणिकबाग रोड माणिकबाग पुल से कलेक्ट्रेट चौराहा। कलेक्ट्रेट चौराहे से हरसिद्धि मंदिर के पास से गांधी भवन होते हुए राजवाड़ा पर नुक्कड़ सभा होगी। इसके बाद चिमनबाग मैदान पर रात को विश्राम करेगी।

29 नवंबर को यात्रा के तय कार्यक्रम

28 नवंबर को यात्रा का ब्रेक रहेगा। 29 नवंबर को सुबह 6 बजे यात्रा बड़ा गणपति से शुरू की जाएगी। यहां से जिंसी चौराहा किला मैदान होते हुए मरी माता चौराहा पहुंचेगी। इसके बाद विधायक संजय शुक्ला के निवास के सामने से बाणगंगा से पदयात्रा लव कुश चौराहा और अरविंदो हॉस्पिटल चौराहे के आगे पहुंचेगी। यहां विधायक संजय शुक्ला के फार्म हाउस पर लंच ब्रेक लिया जाएगा। फिर शाम 4 बजे के बाद यात्रा ग्राम तराना पहुंचेगी।

एमपी में 399 किलोमीटर चलेगी भारत जोड़ो यात्रा

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडू के कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी, जो 3570 किमी की दूरी तय करके श्रीनगर पहुंचेगी। मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा 13 दिन में 386 किमी चलेगी। इस दौरान बुरहानपुर, खड़वा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा जिले से यात्रा निकलेगी। 4 दिसंबर को यात्रा आगर मालवा जिले से राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। यात्रा प्रदेश के 6 जिले बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा में घूमेगी। मप्र में यात्रा 399 किलोमीटर चलेगी।

Back to top button