मध्य प्रदेश

कमलनाथ ने दिया चैलेंज: बोले- बीजेपी, आरएसएस, विहिप वाले जब चाहें राहुल गांधी से धर्म-अध्यात्म पर बहस कर लें, किसमें कितना ज्ञान है पता चल जाएगा

एक और यात्रा निकालेंगे राहुल, जो पूर्व से पश्चिम की ओर जाएगी

भोपाल/आगर मालवा। पीसीसी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बीजेपी, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि मेरा खुला चैलेंज है कि बीजेपी, आरएसएस और विहिप वाले कोई भी आ जाएं और राहुल गांधी से धर्म और अध्यात्म पर बहस कर लें। उन्हें पता चल जाएगा इस विषय पर किसमें कितना ज्ञान है। कमलनाथ रविवार को सोयतकलां में गर्ल्स हॉस्टल के पास स्थित यात्रा के आज के पहले पड़ाव पर मीडिया से रूबरू हो रहे थे। उनके साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह भी मौजूद थे।

दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल ने ओंकारेश्वर और महाकाल के दर्शन किए। जय सियाराम का नारा लगवाकर उसकी व्याख्या अपने अंदाज में की थी। नर्मदा आरती भी की। इस पर बीजेपी उन्हें चुनावी हिंदू कह रही है। इसीके जवाब में कमलनाथ ने बीजेपी, आरएसएस और विहिप को यह सीधी चुनौती दी है। कमलनाथ ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने हमारी यात्रा को डिस्टर्ब करने के लिए हर हथकंडे अपनाए, पर जनता और कार्यकर्ताओं ने उसे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं होने दिया। आप सबने देखा कि यात्रा कैसी रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के बाद राहुल गांधी एक और यात्रा निकालेंगे, जो पूर्व से पश्चिम की ओर जाएगी। मध्यप्रदेश ने असली राहुल गांधी को देख लिया है और अब सच को जान भी गए हैं। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि बीजेपी वाले यात्रा आने से पहले खिल्ली उड़ाते थे, आज उनकी नींद उड़ी हुई है। वो कहते थे कि कांग्रेस बूढ़ों की पार्टी है, कौन रहेगा उनके साथ। आज सबने देख लिया कि कौन-कौन राहुल जी के साथ हैं। हमारी यात्रा रोकने के लिए भाजपा सरकार ने इंदौर में पोस्टर हटवाए, महू में 2 बार बिजली काटी गई। लेकिन यात्रा अपने बुलंद हौसलों के साथ आगे बढ़ती रही और सफलता हासिल करती रही।

ज्ञात हो कि एमपी में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 12वां और अंतिम दिन है। अभी ये यात्रा आगर जिले में है। यहां सबसे ज्यादा 3 दिन और 2 रात रुकने के बाद शाम करीब 7 बजे यह यात्रा मध्यप्रदेश से राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। आज यात्रा आगर में अन्नपूर्णा ढाबा के पास कैंपस साइट से सुबह 6 बजे शुरू हुई और करीब 10 बजे अपने पहले पड़ाव पर गर्ल्स हॉस्टल के पास सोयतकलां पहुंची। यात्रा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता भी शामिल हुए। रविवार को अलसुबह 6 बजे यात्रा महूड़िया के अन्नपूर्णा ढाबा के समीप कैंपस साइट से शुरू हुई। कोहरे के बीच शुरू हुई यात्रा में राज्यसभा सदस्य और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, भजन गायक प्रहलाद सिंह टिपानिया, जीतू पटवारी, अरुण यादव, विक्रांत भूरिया सहित कई दिग्गज नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। ये सभी पैदल चल रहे थे, वहीं यात्रा में सैकड़ों वाहनों का काफिला भी साथ चल रहा था। कमलनाथ कार में दिखाई दिए। यात्रा शाम 7 बजे आगर जिले की सीमा पिपलेश्वर बालाजी मंदिर, डोंगरगांव होते हुए राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। यहीं पर यात्रा रात्रि विज्ञाम करेगी।

नरोत्तम मिश्रा ने भी कमलनाथ पर साधा निशाना: बोले- उनकी जुबां पर सच्चाई आई

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान खरगोन में लगे विवादित नारों पर कमल नाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की जुंबा पर सच्चाई आ गई कि विवादित नारों का लाइव ट्वीट हो गया था। गृहमंत्री ने कहा कि आपकी यात्रा में विवादित नारा लगा, जिस यात्रा में स्वरा भास्कर और कन्हैया कुमार चलेंगे उससे और क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ एक बात बताएं कि रायपुर में जो एफआइआर दर्ज हुई है क्या वो आपराधिक षडयंत्र नहीं था। क्या वो राजनीतिक षडयंत्र नहीं है, क्या वो सत्ता का दुरुपयोग नहीं है। आपने रायपुर में भाजपा नेता पर एफआइआर करवाई। अब तो कमलनाथ ने खुद ही स्वीकार लिया है कि यात्रा में विवादित नारे लगे थे।

Back to top button