मध्य प्रदेश

अच्छी खबर- सूखे की आशंका हुई दूर : अल नीनो प्रभाव के बावजूद सामान्य मानसून

भोपाल। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अल नीनो प्रभाव के बावजूद 2023 में मानसून सामान्य रहेगा। देश की अर्थव्यवस्था के लिहाज से यह बेहद अहम खबर है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चार जून को मानसून केरल में दस्तक दे देगा। बता दें कि यह लगातार पांचवां साल है, जब भारत में मानसून सामान्य रहेगा। देश में जून से लेकर सितंबर तक मानसून का मौसम रहता है। इस साल औसत के 96 प्रतिशत तक बरसात होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि जून में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के एनवायरमेंट मॉनिटरिंग एंड रिसर्च सेंटर के चीफ डी शिवानंद पई ने कहा कि जून में देश के अधिकतर स्थानों पर सामान्य से कम बारिश हो सकती है और सिर्फ दक्षिण पेनिनसुला, उत्तर पश्चिम भारत, उत्तर पश्चिम और उत्तर भारत के कुछ इलाकों में बारिश सामान्य रह सकती है। शिवानंद पई ने कहा कि अल नीनो प्रभाव के बावजूद दक्षिण पश्चिम मानसून सामान्य रहेगा।

पहले जताई गई थी यह आशंका

आशंका जताई जा रही थी कि आगामी दक्षिण पश्चिमी मानसून सीजन में बारिश औसत से कम होने की आशंका थी। लेकिन अब मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि मानसून सामान्य रहेगा और अल नीनो का इस पर खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, भारत के अधिकांश हिस्सों में जून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वैसे तो मध्यप्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने इस साल एमपी में 19 जून से मानसून के दस्तक का पूर्वानुमान जताया है। केरल में 4 जून को मानसून की दस्तक के करीब 15 दिन बाद मध्यप्रदेश में भी मानसून की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।

Back to top button