मध्य प्रदेश

भाजपा के कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ बीच में रोकने पर विवाद, कांग्रेस हुई हमलावर

 कांग्रेस ने बताया अपमान, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले- विकास यात्राओं का विरोध हमारे लिए संजीवनी

भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भोपाल भाजपा कार्यालय में रविवार को बूथ विस्तारक योजना की बैठक हुई। लेकिन, बैठक में सही तरीके से राष्ट्रीय गीत न गाने पर पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने उसे रुकवा दिया। इसके बाद दोबारा वंदे मातरम् गाया गया। इसका वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई और इसे राष्ट्रीय गीत का अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग कर डाली।

दूसरी ओर, विकास यात्रा के विरोध और वायरल वीडियो को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि- कौन सी सरकार है, जो लोगों के घर तक जाती है। उन्हें घरों से निकालकर कहती है कि आप योजना का लाभ लो। बीजेपी हमेशा अकाउंटेबल होकर ही मैदान में उतरती है। दरअसल, बैठक के पहले वंदे मातरम् गायन शुरू हुआ। सही तरीके से न गाने पर बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने पदाधिकारियों को बीच में ही टोकते हुए रोक दिया। इसके बाद दोबारा राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद बैठक में सन्नाटा पसर गया।

कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग

भाजपा की बैठक में राष्ट्रीय गीत को बीच में रुकवाए जाने को लेकर कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई। कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अब्बास हफीज ने कहा- जिस तरीके से भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का अपमान किया है, वो निंदनीय है। मंच पर जो भी मौजूद थे, उन पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। प्रशासन बिना किसी दबाव के इन नेताओं पर कार्रवाई करे। वहीं, पार्टी के मीडिया एडवाइजर पीयूष बबेले ने बैठक का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने इसे देशद्रोही कृत्य बताते हुए पूछा कि क्या इस कृत्य को करने वालों पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाई जाएगी?

‘वल्लभ भवन में बैठकर दलाली करने वाली सरकार नहीं है भाजपा’

बूथ विस्तारक योजना की बैठक के बाद जब वीडी शर्मा से विकास यात्रा के विरोध को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा- 230 विधानसभाओं में से चार-छह जगह ऐसा हुआ भी है तो हमें अपडेट करने की जरूरत है। अगर कोई समस्या आई है तो उसकी जिम्मेदारी हमारी है। हम इसे गलत नहीं मानते। ये अच्छा ही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने वल्लभ भवन में बैठकर सरकार नहीं चलाई। सीएम अभी झाबुआ में हैं। वल्लभ भवन में बैठकर दलाली करने वाली सरकार नहीं है ये, जनता के बीच अकाउंटेबिलिटी के साथ काम करने वाली सरकार है। ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश में चल रही विकास यात्राओं का आज समापन हो रहा है। सीएम शिवराज सिंह चौहान आज झाबुआ और सीहोर जिले में समापन समारोह में शामिल हो रहे हैं।

हमारी सरकार गुड गवर्नेंस की सरकार है : वीडी शर्मा

राज्य सरकार की हमारी जनकल्याणकारी योजनाओं से लोग लाभान्वित हुए हैं और अगर कोई नहीं हुआ है तो हम उनको ढूंढ़ते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस समय प्रदेश में आपकी सरकार आपके द्वार विकास यात्राओं के माध्यम से किया जा रहा है। हमारे सामने कोई ऐसी चीजें आती है तो हम उनको विस्तार से देखेंगे। कोशिश करेंगे कि सुधारा जाए और यही तो गुड गवर्नेंस की सरकार है।

बैठक को लेकर यह बोले वीडी शर्मा…

बीजेपी बैठक को लेकर वीडी शर्मा ने कहा कि प्रदेश के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक है। बूथ विस्तारक अभियान शुरू किया था। पार्टी ने डिजिटल बूथ बनाने का अभियान ऐतिहासिक काम किया है। हमने 64,034 बूथों को डिजिटल बनाया है। 22 प्रकार के काम बूथ पर किए जा रहे हैं। आज बूथ विस्तारक पार्ट 2 अभियान की आज से शुरूआत की है। संगठन ऐप में कुछ चीजों को परिवर्तित किया है। केंद्र और राज्य सरकार की योजना को बूथ स्तर पर ले जाना है। पूरे महीने अभियान चलाया जाएगा। माइक्रो मैनेजमेंट के तौर पर तैयारी चल रही है।

बीजेपी नेताओं ने सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम

बीजेपी ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने बूथ विस्तारकों और आकांक्षी विधानसभाओं के प्रभारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण देखा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं, रंगोली, देशभक्ति गीतों के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के बारे में चर्चा की। पीएम ने ई-संजीवनी ओपीडी के जरिए टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से मिलने वाले इलाज के बारे में जानकारी दी।

पार्टी के सातों मोर्चों की संयुक्त बैठक आज

सोमवार 27 फरवरी को पार्टी के सातों मोर्चों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी, जिसमें मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे। जिसके बाद दोपहर 1 बजे सभी मोर्चों की समानांतर बैठकें होंगी। इन बैठकों में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा मार्गदर्शन देंगे।

Back to top button