मुख्य सचिव आरपी मंडल हेलिकाप्टर से पहुंचे मुंगेली और बिलासपुर जिले के धान खरीदी केंद्रों में
खाद्य सचिव कमलप्रीत और मार्कफेड एमडी शम्मी आबिदी भी दौरे में साथ
रायपुर। मुख्य सचिव आरपी मंडल आज धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के लिए हेलिकॉप्टर से प्रदेश के दौरे पर निकले हैं। वे आज सबसे पहले मुंगेली जिले के पंडरभट्ठा पहुंचे और सीधे किसानों से बातचीत किए। इस दौरे में खाद्य सचिव कमलप्रीत सिंह और मार्कफेड के एमडी शम्मी आबिदी साथ हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी केंद्रों में कसावट लाने के लिए मुख्य सचिव आरपी मंडल को निरीक्षण करने को कहा था। श्री बघेल का ऐसा कहना था कि अधिकारी धान खरीदी केंद्रों में तभी सजग होंगे जब आपका दौरा होगा। धान खरीदी को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। इन शंकाओं को भी दूर करना है। किसानों का धान सरकार खरीदेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। इस बात को किसानों के बीच जाकर स्पष्ट करना है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच हुई इस रणनीतिक बैठक के बाद ही आज सुबह हेलिकॉप्टर से श्री मंडल सबसे पहले मुंगेली जिले के ग्रमा पंडरभट्ठा पहुंचे। पंडरभट्ठा में उन्होंने सीधे किसानों से बातचीत शुरू कर दी। किसानों से उन्होंने उपज से लेकर सभी बिन्द़ुओं पर बातचीत की जिससे पैदावार के संबंध में जानकारी मिल सके।
धान खरीदी केंद्रों से लेकर कृषि उपज मंडियों में कोचिए कहीं नजर नहीं आने चाहिए इस पर उन्होंने सख्त हिदायत दी है। सभी पुलिस अधीक्षकों से सीधे बातचीत करके उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि किसी भी सूरत में दूसरे राज्यों का धान छत्तीसगढ़ नहीं आनी चाहिए।
कोटा कृषि उपज मंडी पहुंचे मंडल
मुख्य सचिव आरपी मंडल दोपहर लगभग 1 बजे कृषि उपज मंडी कोटा पहुंचे। वहां उन्होंने किसनों और धान खरीदी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की। बारदाने के संबंध में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों को धान खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचाने के लिए बारदाने की कमी नहीं होनी चाहिए। बिलासपुर कलेक्टर संजय अलंग सहित जिले कि अधिकारियों को उन्होंने धान खरीदी में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। खाद्य सचिव डॉ कमलप्रीत सिंह ने चर्चा में कहा कि किसी भी धान खरीदी केंद्र में बारदाना और पैसे की कमी नहीं है। किसानों को उनके उपज का सही कीमत मिले इसे ध्यान में रखकर ही यह दौरा किया जा रहा है।