छत्तीसगढ़रायपुर

कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ‘फेक न्यूज’ फैलाने वाला वेब जर्नलिस्ट नीलेश शर्मा को छत्तीसगढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार …

रायपुर। कांग्रेस पार्टी के नेताओं के खिलाफ फेक न्यूज फैलाने के आरोप में वेब जर्नलिस्ट नीलेश शर्मा को छत्तीसगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पत्रकार और राजनीतिक व्यंग्यकार नीलेश शर्मा के खिलाफ 2 मार्च 2022 को रायपुर के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद गुरुवार को वेब जर्नलिस्ट नीलेश शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा कि नीलेश के खिलाफ आईपीसी की धारा 504 (शांति भंग करने का इरादा) और 505 (अफवाह फैलाना) के तहत मामला दर्ज किया गया था और इसे लेकर आगे की जांच जारी है। एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता खिलावन निषाद ने कहा कि वह पिछले 20 साल से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता हैं और टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल के समर्थक हैं। खिलावन ने अपनी शिकायत में कहा कि ‘इंडिया राइटर्स’ नाम का न्यूज पोर्टल कांग्रेस पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए राज्य में फेक न्यूज फैला रहा है।

एफआईआर में कहा गया है, ‘इस वेब पोर्टल पर ‘घुरवा के माटी’ नाम से एक कॉलम प्रकाशित होता है। इसमें फेक न्यूज के माध्यम से नेगेटिविटी और कांग्रेस पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिशें की जाती हैं। रायपुर के पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि आरोपी ऐसा कॉन्टेंट प्रकाशित कर रहा था जो फेक था और उसे लेकर किसी तरह के सबूत भी नहीं थे। अग्रवाल ने कहा, ‘हमने अफवाह फैलाने और फेक न्यूज फैलाने के लिए संबंधित धाराओं के तहत नीलेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अधिक जांच जारी है।’

Back to top button