नई दिल्ली

बदला दिल्ली में मौसम, कई इलाकों में बारिश व ओले गिरे; गर्मी से मिली राहत …

नई दिल्ली। बुधवार को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्म मौसम से राहत मिली। चंडीगढ़ से लगे पंजाब के मोहाली और हरियाणा के पंचकुला में भी बारिश हुई। चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा में ज्यादातर जगहों पर अधिकतम तापमान पिछले कई दिनों से सामान्य से ऊपर बना हुआ था। चंडीगढ़ निवासी ललित गोयल ने कहा कि चिलचिलाती गर्मी के बाद बारिश ने स्वागत योग्य राहत दी है।

दिल्ली में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार दोपहर को ओले गिरे, जबकि अलग-अलग इलाकों में बारिश की वजह से गर्मी से कुछ राहत भी मिली। रोहिणी, पीतमपुरा और पश्चिम विहार के निवासियों ने दोपहर दो बजे के करीब ओले गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की सूचना दी।

इससे पहले सुबह में भारत मौसम विभाग ने दिल्ली में धूलभरी आंधी, गरज के साथ बारिश होने या ओले गिरने के साथ 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था। बाद में इस चेतावनी को ऑरेंज श्रेणी में तब्दील कर दिया गया था। दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा तो वहीं, न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस साल के सामान्य तापमान से चार डिग्री अधिक था। आईएमडी ने कहा था कि पश्चिमोत्तर भारत को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ के परिणाम स्वरूप, अगले तीन दिनों के लिए राजधानी में बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की गई है।

Back to top button