देश

उत्तराखंड : भारी बारिश में अब तक 40 से ज्यादा लोगों ने गंवाई जान…

देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन में 40 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गवां चुके हैं। इसमें नैनीताल जिला में सबसे ज्यादा 25 लोगों की जान चली गई। वहीं कई महान क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क मार्ग पूरी तरह बंद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार आपदाग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे हैं। बुधवार को वह कुमाऊं के बारिश प्रभावित इलाकों में पहुंचे थे।

बता दें कि नैनीताल जिले में जिन 25 लोगों की मौत हुई है उनमें 14 यूपी और बिहार के मजदूर हैं। नैनीताल के सभी रास्ते बंद हो गए हैं इसलिए इस इलाके में मदद पहुंचाने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में 24 घंटे में ही 200 मिमी वर्षा हो गई। नैनीताल में तो नैनादेवी के मंदिर तर बाढ़ का पानी पहुंच गया।

रूद्रपुर में हंसली नदी पर बना पुल टूट गया। यह पुलभट्टा क्षेत्र में था। यहां भी दर्जनों मकान गिर गए। वहीं एक शख्स की नदी में डूबकर मौत हो गई। चंपावत जिले में भी क्वेराला नदी पर स्थित झूला वाले पुल की रस्सी टूट गई। इससे कई गांवों के संपर्क टूट गया।

मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों का हाल जाना। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर करने और उसमें कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं। पीड़ितों की फौरीतौर पर सहायता के लिए उन्होंने जिलाधिकारियों को फ्री हैंड दिया है। सड़क मार्ग मैं आ रही बाधाओं और जोखिम को दरकिनार कर देर रात तक वह हल्द्वानी के प्रभावित क्षेत्र में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी अपने दिल्ली दौरे समेत तमाम कार्यक्रम निरस्त कर आपदा पीड़ितों के बीच मौजूद हैं। मंगलवार को उन्होंने रुद्रप्रयाग, उधमसिंहनगर और नैनीताल जिलों का भ्रमण किया। पीड़ितों का हाल जानने की शुरुआत उन्होंने रुद्रप्रयाग जिले से की। जिले के प्रभावित इलाके का हवाई निरीक्षण करने के बाद जिलामुख्यालय में उन्होंने डीएम और जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद धामी ने कुमाऊं मंडल का दौरा कर रुद्रपुर और किच्छा समेत सभी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

पीड़ितों की बात सुनी और उनके सामने आ रही समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। रात को धामी हल्द्वानी गए और उन्होंने अधिकारियों से आपदा के प्रभाव की विस्तृत जानकारी हासिल की। समाचार लिखे जाने तक उनका देर रात तक आपदा पीड़ितों से मिलने का सिलसिला जारी रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक बारिश संबंधी घटनाओं में 46 लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 अन्य लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार शाम देहरादून पहुंचेंगे।

Back to top button