नई दिल्ली

रेप के 6 दिन बाद जंगल में मिली थी महिला, अस्पताल में हार गईं जिंदगी की जंग; 2 पुलिस अधिकारी सस्पेंड …

नई दिल्ली। दुष्कर्म की शिकार महिला राजस्थान में 6 दिनों तक जिंदगी की लड़ाई लड़ने के बाद आखिरकार मौत से हार गई। मामला नागौर जिले का है। जयपुर के एक अस्पताल में पीड़ित महिला का इलाज चल रहा था और इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। नागौर के पुलिस अधीक्षक राम मूर्ति जोशी ने इस बात की पुष्टि की है कि गुरुवार की शाम महिला की मौत हो गई है। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को बताया, ‘रेस्क्यू करने के बाद महिला को वेंटिलेटर पर रखा गया था। बदमाशों द्वारा गला घोंटे जाने की वजह से उनके ब्रेन में ऑक्सीजन की कम मात्रा पहुंच पा रही थी।’

बता दें कि यह महिला 4 फरवरी को लापता हो गई थीं। इसके बाद इनके घरवालों ने दो दिन बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। 10 फरवरी को वो अपने गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर एक जंगल में मिलीं। इस मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया था। जबकि एक अन्य नाबालिग को भी पुलिस ने इस घटना के संबंध में पकड़ा था।

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ था कि इस शख्स ने महिला के साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद उसने नाबालिग लड़के के साथ मिलकर गला दबा कर महिला को मारने की कोशिश की थी। बाद में यह लोग महिला को मरा समझ जंगल में छोड़ कर फरार हो गए थे। इन दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

करीब 6 दिनों तक महिला जंगल में पड़ी रही। पुलिस ने उस वक्त कहा था जंगल में बदहवास हालत में पड़े रहने के बावजूद किसी चमत्कार की तरह महिला जिंदा बच गई थी। इसके बाद महिला को इलाज के लिए जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन अब महिला की मौत हो चुकी है। इस मामले में नागौर पुलिस ने दो पुलिस अधिकारियों को महिला की तलाश करने में कोताही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। 

Back to top button