छत्तीसगढ़रायपुर

हत्याकांड के आरोपियों का मुंह काला कर निकाला जुलूस, बदमाशों ने लगाए नारे- अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है, भाजपा नेता फरार…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में 3 दिन पहले हुए हत्याकांड का पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने इस घटना का खुलासा किया। हत्याकांड के 2 आरोपी भाजपा नेता लोकेश पांडेय व निखिल एंजल फरार हैं।

पुलिस हत्याकांड के आरोपियों को क्राइम सीन रिक्रिएट करने घटना स्थल लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से उठक बैठक कराई और मुंह काला कर उनका जुलूस निकाला गया। आरोपी सड़क पर नारे लगाते रहे कि अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।

बता दें कि भिलाई शहर के साईं नगर कैंप-1 में शनिवार की रात को रंजीत सिंह नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सुपेला के शास्त्री हॉस्पिटल के पास फेंक दिया था। जांच के बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें जोश अब्राहम, अमन भारती, बिसेलाल भारती, प्रीतम सिंह, भूपेंद्र साहू व निखिल साहू शामिल हैं।

वहीं भाजपा नेता लोकेश पांडेय व निखिल एंजल फरार हैं। आरोपियों को घटना स्थल लेकर पहुंची पुलिस ने पहले मुंह पर कालिख पोती इसके बाद सभी से उठक बैठक कराई और इनका जुलूस निकाला गया।

पुलिस की पूछताछ में हत्या का कारण पुरानी रंजिश निकला। आरोपियों ने योजना बनाकर बेस, बल्ला व चाकू से फिल्मी स्टाइल में घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद सभी पुलिस से बचने अपने रिश्तेदारों के घर इधर छिपे हुए थे। सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस को आरोपियों के राजनांदगांव जाने की सूचना मिली थी।

पुलिस ने आरोपियों को जालबांधा में उनके एक रिश्तेदार के यहां गिरफ्तार किया। वहीं निखिल साहू को रसमड़ा में दबोचा गया। पुलिस के अनुसार जुलूस निकालने का पीछे आरोपियों का लोगों में खौफ कम करना है। सभी आरोपी आदतन बदमाश है और कई केस दर्ज है।

Back to top button