मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री ने महिलाओं द्वारा संचालित ‘टेक होम राशन संयंत्र की चाबी सौंपी…

शिवपुरी। जन कल्याण और सुराज अभियान के तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को शिवपुरी में 17.35 करोड़ लागत के ‘टेक होम राशन संयंत्र की चाबी महिला आजीविका औद्योगिक सहकारी संस्था को सौंपी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग की महिलाओं द्वारा संचालित यह संयंत्र पूरे देश के महिला स्व-सहायता समूहों के लिए बड़ा उदाहरण बनेगा। संयंत्र  का मुनाफा महिला स्व-सहायता समूहों को दिया जाएगा।

 

चौहान ने कहा कि केवल ठेकेदार और बड़े कारोबारी ही उद्योग नहीं चला सकते, महिलाएं भी अब उद्योग धंधे चलाने में सक्षम हो चुकी हैं। इसी सोच के साथ शिवपुरी के ‘टेक होम राशन संयंत्र’ के संचालन की जिम्मेदारी महिला संस्था को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब महिलाएं भी कल-कारखाने चलाएंगी। इसके लिए प्रदेश सरकार उन्हें हर संभव मदद देगी।  उन्होंने कहा कि इस संयंत्र का संचालन अभी तक एमपी एग्रो द्वारा किया जा रहा था। अब यह महिला आजीविका सहकारी संस्था द्वारा संचालित किया जाएगा। इससे इसका सीधा लाभ महिलाओं को मिलेगा और उनके जीवन स्तर में बदलाव आएगा। साथ ही महिला सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संयंत्र का अवलोकन भी किया।

 

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, सांसद केपी यादव एवं लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़, जिलाध्यक्ष राजू बाथम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

 

8 जिलों की महिला समूहों से बनी है यह समिति

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वर्ष 2018 में महिला आजीविका औद्योगिक सहकारी समिति शिवपुरी मर्यादित का गठन हुआ था। इस समिति में ग्वालियर संभाग के सभी 5 और चंबल संभाग के सभी 3 जिले शामिल हैं। यही समिति अब ‘टेक होम राशन संयंत्र’ का संचालन करेगी।

Back to top button