लखनऊ/उत्तरप्रदेश

अमेठी पहुंचीं स्मृति ईरानी, शहीद परिवार को शोक संवेदना व्यक्त कर हर संभव मदद करने का दिया आश्वासन…

अमेठी। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अपने तीन दिवसीय दौरे पर सांसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंची। सर्वप्रथम उन्होंने बीएसएफ जवान शहीद दिनेश कसौंधन के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। केन्द्रीय मंत्री को अपने बीच पाकर शहीद की रोने लगी, जिसे केन्द्रीय मंत्री ने सीने से लगाकर ढांढस बंधाया।

 

स्मृति ईरानी गुरुवार रात 9 बजे सैनिक स्कूल पहुंची और यहां होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आज यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता रखी गई है। इसके बाद वह एचएलए गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करने लौट गईं। शुक्रवार सुबह वह कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ करके 2 बजे गौरीगंज बीजेपी कार्यालय पर कार्यक्रम में शामिल होंगी।

 

राष्ट्रीय कुश्ती महासंघ और उत्थान सेवा संस्थान के तत्वाधान में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अमेठी के गौरीगंज स्थित सैनिक मैदान पर 700 पहलवान जमा हुए हैं। उत्थान सेवा समिति के मैनेजर ने जानकारी देते हुए बताया कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। स्मृति ईरानी के निर्देशन में यह निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता अमेठी में 17 से 19 सितंबर तक आयोजित की जाए। प्रतियोगिता में भारत के सभी प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले जितने पहलवान हैं, वो भाग ले रहे हैं। पुरुष महिला पहलवान मिलाकर लगभग 700 के भाग लेने की संभावना है। सैनिक स्कूल गौरीगंज में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है।

 

कुश्ती प्रतियोगिता में गीता फोगाट, बबिता फोगाट, बजरंग पुनिया रवी दहिया एवं महिला पुरुष सहित नामी-गिरामी पहलवान लोगों का उत्साहवर्धन करेंगे। लगभग 700 पहलवान कुश्ती में प्रतिभाग करेंगे 100 ऑफिशियल भी रहेंगे। खास बात ये कि आखरी दिन उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या भी शामिल होंगे। इसके अलावा योगी सरकार में मंत्री बृजेश पाठक, गिरीश चंद यादव, सुरेश पासी, अनिल राजभर, बलदेव सिंह ओलख, रामा शंकर पटेल, नीलकंठ तिवारी, रवींद्र जायसवाल और मोहसिन रजा भी शामिल होंगे।

Back to top button