मध्य प्रदेश

दिग्गी के गढ़ में सिंधिया आज आदिवासी समुदाय को सौंपेंगे 5 हजार प्रधानमंत्री आवास…

गुना। ज्योतिरादित्य सिंधिया मंत्री बनने के बाद पहली बार आज गुना पहुंच रहे हैं। केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री शनिवार को भोपाल से कार द्वारा दोपहर 1 बजे गुना पहुंचेंगे। यहां राघोगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में वह भाग लेंगे। यह पहली बार है, जब सिंधिया दिग्विजयसिंह के गढ़ में बड़ा कार्यक्रम कर रहे हैं। उसके बाद गुना में पीजी कॉलेज खेल ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। सिंधिया के स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रास्ते में 50 से ज्यादा जगह उनका स्वागत होगा। शुक्रवार को पंचायत मंत्री महेंद्र सिसोदिया, BJP जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिकरवार, कलेक्टर और SP ने तैयारियों का जायजा लिया।

सिंधिया का मुख्य कार्यक्रम श्याम प्रसाद मुखर्जी खेल प्रशाल में होगा। यहां वे सहरिया जनजाति के हितग्राहियों को पांच हजार प्रधानमंत्री आवास वितरित करेंगे। इस दौरान मध्‍यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया, लोक स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्री प्रभुराम चौधरी भी मौजूद रहेंगे। यह आवास विशेष पैकेज के तहत केवल सहरिया जनजाति के परिवारों के लिए पृथक से स्‍वीकृत कराए गए हैं। इस दौरान स्‍वयं सहायता समूहों को ऋण वितरित किया जाएगा। साथ ही, महूगढ़ा रेलवे स्‍टेशन पर बनने वाले अंडरपास का शिलान्‍यास भी किया जाएगा।

पहली बार ज्योतिरादित्य सिंधिया पूर्व CM दिग्विजय सिंह के गढ़ और गृह नगर राघोगढ़ में बड़े कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच रहे हैं। यहां दिग्गी के करीबी और दो बार राघोगढ़ से विधायक रहे मूलसिंह (दादाभाई) के पुत्र हीरेन्द्र सिंह BJP की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। उन्हें BJP में शामिल करा कर पार्टी कांग्रेस को दिग्गी के गढ़ में बड़ा झटका दे सकती है।

जयवर्धन सिंह के चुनावों में हीरेन्द्र सिंह लगातार काम करते आए हैं। ऐसे में यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका हो सकता है। सिंधिया के करीबी रुद्रदेव सिंह ने हीरेन्द्र सिंह के BJP में शामिल होने का दावा किया है। राघोगढ़ के ITI कॉलेज ग्राउंड में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। उधर, हीरेन्द्र सिंह ने भी समर्थकों की बैठक लेकर कार्यक्रम में शामिल होने की रूपरेखा बनाई।

सिंधिया के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार गुना आगमन पर उनके समर्थकों ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने सर्किट हाउस में शहर के व्यापारियों, समाजसेवियों, खेल संगठनों की बैठक कर स्वागत की रूपरेखा बनाई। शहर के एंट्री पॉइंट टोल नाके से मुख्य कार्यक्रम स्थल पीजी कॉलेज तक उनका 50 से ज्यादा जगह स्वागत होगा। शहर को बैनरों और पोस्टरों से पाट दिया गया है।

Back to top button