नई दिल्ली

वीरप्पन पर शिकंजा कसने वाले संजय होंगे दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, राकेश अस्थाना की लेंगे जगह …

नई दिल्ली। गृह मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि संजय अरोड़ा 1 अगस्त को राकेश अस्थाना की जगह लेंगे। संजय अरोड़ा दिल्ली पुलिस के 25वें कमिश्नर होंगे। गृह मंत्रालय की तरफ से आदेश जारी होने से कुछ समय पूर्व दिल्ली पुलिस के अफसर राकेश अस्थाना के फेयरवेल की तैयारियों में जुट गए थे। शाम 4 बजे किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन में उनका फेयरवेल परेड होगा।

संजय अरोड़ा अब दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। संजय अरोड़ा साल 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इस संबंध में रविवार को गृह मंत्रालय की तरफ से एक आदेश जारी किया गया है। संजय अरोड़ा इससे पहले ITBP के चीफ थे। वो राकेश अस्थाना की जगह लेंगे। यहां बता दें कि राकेश अस्थाना पिछले साल जुलाई के महीने में दिल्ली पुलिस के मुखिया बने थे। रविवार यानी 31 जुलाई को राकेश अस्थाना अपने पद से रिटायर हो रहे हैं।

संजय अरोड़ा ने 2002 से 2004 तक कोयंबटूर सिटी के पुलिस कमिश्नर के रूप में भी कार्यभार संभाला था। इसके बाद उन्होंने पुलिस उप महानिरीक्षक, विल्लुपुरम रेंज के रूप में जिम्मा संभाला। संजय अरोड़ा ने IG (स्पेशल ऑपरेशंस) बीएसएफ, IG छत्तीसगढ़ सेक्टर सीआरपीएफ और IG ऑपरेशंस सीआरपीएफ के रूप में काम किया है।

कई अहम पुरस्कारों से सम्मानित किये जा चुके संजय अरोड़ा जब तमिलनाडु में टास्क फोर्स के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे तब उन्होंने कुख्यात चंदन तस्कर वीरप्पन गिरोह के खिलाफ अहम कार्रवाई की थी। वीरप्पन के खिलाफ वीरता दिखाने के लिए उन्हें मुख्यमंत्री के वीरता पदक से सम्मानित किया गया था।

इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री रखने वाले अरोड़ा साल 2002-2004 के बीच कोयम्बटूर पुलिस कमिश्नर भी रख चुके हैं। संजय अरोड़ा सीआरपीएफ और बीएसएफ में अपनी सेवा दे चुके हैं।

Back to top button