Uncategorized

सचिन बने दुनिया के सबसे चहेते खिलाड़ी, यह सेलेब्रिटीज भी है मास्टर ब्लास्टर से नीचे पायदान में…

नई दिल्ली। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर मैदान से दूर जरूर हैं लेकिन उनकी लोकप्रियता आज भी किसी से कम नहीं है। इसका अंदाजा इससे ही आप लगा सकते हैं कि 2021 के Most Admired Man की सूची में वे सबसे चहेते भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं वे इस लिस्ट में बिग बी और SRK जैसे स्टार्स से भी ऊपर हैं।

आपको बता दें कि हर साल जारी होने वाली इस सूची में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा अभी भी टॉप पर बने हुए हैं। साथ ही बिल गेट्स दूसरे और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तीसरे स्थान पर काबिज हैं। सचिन तेंदुलकर इस सूची में 12वें स्थान पर हैं। वे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी इस लिस्ट में ऊपर हैं।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सूची में 8वें स्थान पर हैं। पिछले साल वे इस सूची में चौथे स्थान पर थे लेकिन इस साल उन्हें चार स्थानों का नुकसान हुआ है। भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली भी इस सूची के टॉप 20 में शामिल हैं। उन्हें इस सूची में 18वां स्थान मिला है।

अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान से भी ऊपर हैं सचिन

YouGov द्वारा जारी इस सूची में बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन 15वें और शाहरुख खान 14वें स्थान पर हैं। दोनों ही सिनेमा दिग्गज भारत के पूर्व क्रिकेटर से इस लिस्ट में पीछे हैं। साथ ही खिलाड़ियों की बात करें तो स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो चौथे और लियोनल मेसी 7वें स्थान पर काबिज हैं। इसके अलावा पाकिस्तान के पीएम इमरान खान को भी इस सूची में 17वां स्थान मिला है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन 9वें, मशहूर हॉलीवुड अभिनेता जैकी चैन 5वें, एलोन मस्क छठे और अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति जो बिडेन 20वें स्थान पर हैं।

आपको बता दें कि हर साल ये सर्वे दुनिया के सबसे प्रशंसित या Admired व्यक्ति की खोज में किया जाता है। इस साल यह सर्वे 39 देशों के 42,000 से अधिक लोगों के बीच किया गया। YouGov एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटरनेट आधारित बाजार अनुसंधान एवं डाटा विश्लेषण फर्म है। जिसका मुख्यालय यूनाइटेड किंगडम (लंदन) में स्थित है। इस संस्था के द्वारा ही हर साल ये सर्वे किया जाता है।

Back to top button