मध्य प्रदेश

वैक्सीनेशन महाअभियान-2 में रिकॉर्डतोड़: रात 10 बजे तक 23 लाख, 47 हजार से ज्यादा लोगों को लगा टीका, लोगों में जबरदस्त उत्साह…

भोपाल। कोरोना टीकाकरण के महाअभियान 2 के पहले दिन लोगों में वैक्सीनेशन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। प्रदेश में मुख्यमंत्री से लेकर कोटवार तक इस अभियान में जुटे हुए थे। नतीजा यह निकला कि रात 10: 00 बजे तक मध्यप्रदेश में अब तक सर्वाधिक 22 लाख 26 हजार 297 लोगों ने बुधवार को वैक्सीन लगवाया। खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेशभर से टीकाकरण की जानकारी लेते रहे और कर्मचारियों अधिकारियों को प्रोत्साहित करते रहे।

भोपाल में पहले दिन टारगेट पूरा करते हुए 80100 लोगों ने टीका लगवाया। महाअभियान-1 में एक दिन में 17 लाख वैक्सीन लगाने का रिकार्ड कायम हुआ था,  इस बार लोगों में जबरदस्त रूझान रहा। सभी सेंटरों पर हजारों लोग वैक्सीन लगवाने पहुंचें। शाम 6 बजे तक में कुल 19 लाख 95 हजार 263 लोगों ने प्रथम व द्वितीय डोज की वैक्सीन लगवाई।

मप्र सरकार ने महाअभियान-2 के तहत दो दिन में 30 लाख वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा था। इसके लिए सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक का समय रखा गया। लेकिन लोगों ने रात 10: 00 बजे के बाद तक वैक्सीन लगवाया भोपाल के बैरसिया में रात 10: 30 बजे तक लोग कतार में लगे थे। यही वजह रही कि पहले दिन ही 22 लाख से ज्यादा लोगों ने टीकाकरण में रुचि दिखाई।

जागरूकता बढ़ाने के लिए खूब प्रचार-प्रसार हुआ। किंतु कोरोना संक्रमण से बचने वैक्सीन लगवाने की होड़ कुछ इस तरह से रही कि अिभयान के पहले ही दिन अब तक का िरकार्ड टूट गया। बड़ी संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने पहुंचें। ज्यादातर सेंटरों पर कोवैक्सीन व कोविशिल्ड दोनों के ऑप्सन रखे गए थे। इससे लोगों को खासी सुविधा हुई। आम लोगों में जागरूकता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि सुबह से ही वैक्सीन सेंटरों पर भीड़ रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, यह भीड़ बढ़ती गई। सुबह 11 बजे तक में 2 लाख 58 हजार 805 लोगों ने वैक्सीन लगवा ली थी। इसका आंकड़ा शाम 6 बजे तक में 19 लाख 95 हजार से उपर पहुंच गया। सेंटरों पर पहुंचने वाले लोगों के लिए भी अच्छी व्यवस्था की गई थी। उन्हें आधे घंटे तक बैठने या आराम करने तक की व्यवस्था भी थी। युवाओं के लिए सेंटर पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया। ताकि उनमें रूझान बढ़ने के साथ ही जागरूकता भी बढ़े।

स्वास्थ्य विभाग से जारी आंकड़े के अनुसार दोपहर 12 बजे यह आंकड़ा बढ़कर 4,62,828 पर पहुंच गया। हर घंटे लाखों की संख्या इसमें जुड़ती चली गई। दोपहर एक बजे 6,57,606, दोपहर 2 बजे 9,42,490, दोपहर बाद 4 बजे 14,62,747, शाम 5 बजे 17,40,250 व शाम 6 बजे तक में 19,95,263 लोगों ने वैक्सीन लगवा लिया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को वैक्सीनेशन महाअभियान-2 का शुभारंभ जवाहर चौक स्थित जैन मंदिर में किया। उन्होंने वैक्सीन लगवाने आए लोगों का स्वागत करते हुए वैक्सीन के महत्व को बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वैक्सीन नहीं-जिन्दगी का डोज है। इस मौके पर वैक्सीनेट हुए लोगों को मुख्यमंत्री ने आई एम वैक्सीनेट की स्टाम्प लगाई और अपने हाथ पर भी स्टाम्प लगवाकर प्रदेशवासियों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वैक्सीनेशन कराने आए लोगों से बातचीत कर अपने क्षेत्रों में वैक्स्ीनेशन का संदेश देने की अपील भी की। वैक्सीन लगवाने आई एक वृद्ध महिला ने नि:शुल्क वैक्सीन की व्यवस्था करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार माना।

बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा उज्जैन में 1 लाख 26 हजार 330 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। दूसरे नंबर पर इंदौर शहर है। यहां 1 लाख 17 हजार 644 लोगों को टीका लगा है। देवास ने भोपाल को भी पीछे छोड़ दिया है। भोपाल में 76 हजार 563 को टीका लगा है, जबकि देवास में 80 हजार 915 ने टीका लगाया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन शिवपुरी में 179 प्रतिशत हुआ है। यहां पर 40 हजार टीके लगाने के लक्ष्य रखा था, जबकि 71 हजार 654 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। 32 जिलों में 101% से ज्यादा वैक्सीनेशन रिकॉर्ड किया गया है। शिवपुरी के अलावा मंदसौर में 175%, सिवनी में 159%, गुना में 147%, मुरैना में 139%, बड़वानी में 134%, सागर में 132% वैक्सीनेशन हुआ।

Back to top button