देश

राहुल गांधी की विशेष नजर औरंगाबाद और सासाराम लोकसभा क्षेत्र पर

सासाराम
 लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बिहार को प्राथमिकता में लिए राहुल गांधी ने औरंगाबाद आकर पारंपरिक सीटों को साधने की भरसक कोशिश की है। सूत्रों की माने तो राहुल गांधी की विशेष नजर औरंगाबाद और सासाराम लोकसभा क्षेत्र पर दिखी। यह वो क्षेत्र हैं जहां से कांग्रेस के कद्दावर नेता जीत कर लोकसभा आते रहे हैं। राहुल गांधी ने बिहार के इस इलाके में आकर कार्यकर्ताओं के साथ बिहार की जनता को रिचार्ज करने की कोशिश की है। इतना ही नहीं रोहतास के इलाके में राहुल गांधी के रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव उनकी जीप की स्टेयरिंग संभाले दिखे। राहुल इसके जरिए भी बिहार की जनता को खास मैसेजे देने की कोशिश कर गए।

राहुल की प्राथमिकता में औरंगाबाद

औरंगाबाद पर राहुल गांधी की विशेष नजर है। यह वो क्षेत्र है जिस पर आजादी के बाद से ही कांग्रेस का एक तरह से कब्जा था। तब बिहार के कद्दावर नेता सतेंद्र नारायण सिंह की गृह स्थल रहा है। इनकी इस क्षेत्र पर काफी पकड़ थी। इस सीट से सतेंद्र नारायण सिंह चार बार स्वयं लोकसभा गए और एक-एक बार इनके बेटे निखिल कुमार और बहु श्यामा देवी ने जीत का परचम लहराया था। सतेंद्र नारायण सिंह ने 1952, 1957, 1980 और 1984 में चुनावी जंग में जीत हासिल कर लोकसभा का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। वहीं इनकी बहु श्यामा देवी साल 1999 में और इनके बेटे निखिल कुमार ने 2004 में जीत का परचम लहराते हुए लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया था। इस पारंपरिक सीट पर कांग्रेस फिर से परचम लहराना चाहती है।

सासाराम पर भी साधा निशाना

सासाराम लोकसभा क्षत्र कांग्रेस के जाने माने दलित नेता बाबू जगजीवन राम का क्षेत्र रहा है। वह 1952 से 1984 तक सासाराम लोकसभा का प्रतिनिधित्व करते रहे। उनके निधन के बाद 1989 लोकसभा चुनाव में बाजी जनता दल के छेदी पासवान के हाथ लगी। तब बाबू जगजीवन राम की मौत के बाद इनकी बेटी मीरा कुमार सासाराम लोकसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी, पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। परंतु 2004 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इस सीट पर वापस काबिज हो गई। मीरा कुमार ने जीत का परचम लहराया। फिर 2009 के लोकसभा चुनाव में बाजी मीरा कुमार के ही हाथ लगी। परंतु 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में मीरा कुमार को हार का सामना करना पड़ा। वर्तमान में बीजेपी से छेदी पासवान सासाराम लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बाजी अपने हाथ करना चाहती है।

किसान और युवाओं को बनाया मुद्दा

राहुल गांधी ने औरंगाबाद की जनसभा में भी किसानों और युवाओं को मुद्दा बनाया। राहुल ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार केवल अमीरों के लिए काम करती है। वह उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर देते हैं, लेकिन किसानों के प्रति अपनी चिंता नहीं प्रकट करते हैं। उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने किसानों का कर्ज माफ कर दिया था। इस बार भी सत्ता में कांग्रेस आई तो किसानों के कर्ज माफ किया जायेगा। साथ ही कांग्रेस जाति आधारित जनगणना कराने के बाद एक व्यापक वित्तीय सर्वेक्षण कराएगी ताकि संसाधनों के स्वामित्व में असमानता को प्रकाश में लाया जा सके। मोदी सरकार ने युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। पर वह वादा मोदी सरकार भूल गई। मोदी की सरकार एक समुदाय को दूसरे से लड़ाने का काम करती है।

Back to top button