बिलासपुर

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 2 मार्च को बिलासपुर में, दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

बिलासपुर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 2 मार्च को बिलासपुर आ रहे हैं। वे गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और उसी दिन दिल्ली वापस लौट जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने प्रारंभिक रूप से विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। राष्ट्रपति भवन ने इस कार्यक्रम के लिए स्वीकृति दे दी है। जानकारी के मुताबिक 2 मार्च को बिलासपुर स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय विश्वविद्यालय बनने के बाद राष्ट्रपति का यह पहला दीक्षांत समारोह होगा। राष्ट्रपति भवन से अभी विस्तृत दौरा कार्यक्रम आना बाकी है। यह कार्यक्रम के सप्ताह भर पूर्व आने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनने के बाद राष्ट्रपति का यह पहला कार्यक्रम होगा। डॉ रमन सिंह के कार्यकाल में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 2 बार छत्तीसगढ़ आ चुके हैं। छत्तीसगढ़ शासन को प्रारंभिक रूप से राष्ट्रपति भवन से जो सूचना मिली है उसके मुताबिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करना प्रारंभ कर दिया है। कलेक्टर डॉ संजय अलंग और एसपी अग्रवाल ने केंद्रीय विश्वविद्यालय पहुंचकर हेलीपेड व कार्यक्रम स्थल का प्रारंभिक रूप से मुआयना किया। जिस जगह पर हेलीपेड बनना है उसे भी चिन्हांकित किया गया है। वियवविद्यालय परिसर में कम से कम 3 हेलीपेड बनाए जाएंगे। इसके अलावा एसईसीएल हेलीपेड व चकरभाठा हवाई पट्‌टी का भी उपयोग किया जाएगा।

Back to top button