Uncategorized

आईपीएल 2022 के लिए प्रीति जिंटा ने किया 2 खिलाड़ियों को रिटेन…

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के लिए रिटेंशन की प्रक्रिया 30 नवंबर 2021 को पूरी हो गई। मौजूदा आठ फ्रेंचाइजीस में से सभी ने प्लेयर रिटेंशन विकल्प का इस्तेमाल किया। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके), दिल्ली कैपिटल (डीसी), कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) ने 4-4 खिलाड़ियों को बनाए रखने का विकल्प चुना।

राजस्थान रॉयल्स (आरआर), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने 3-3 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। बालीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा के सह-मालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने सिर्फ 2 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। कुल 27 खिलाड़ी रिटेन किए गए हैं। इनमें से 8 विदेशी हैं और 4 अनकैप्ड भारतीय हैं।

खिलाड़ियों को रिटेन करने के बाद हर टीम के पास आईपीएल 2022 के लिए होने वाली नीलामी में उतरने के लिए अलग-अलग राशि बची है। पंजाब किंग्स सबसे भारी पर्स के साथ नीलामी में उतरेगी।

उसने दो खिलाड़ियों मयंक अग्रवाल और अर्शदीप सिंह को रिटेन करने में 16 करोड़ रुपए खर्च किए। उसकी रिटेंशन कटौती राशि कुल 18 करोड़ रुपए रही। इस तरह अब वह 72 करोड़ रुपए की भारी भरकम राशि के साथ नीलामी में उतरेगी।

वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की जेब सबसे हल्की रहेगी। उसने ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और एनरिक नॉर्टजे को रिटेन करने में 39 करोड़ रुपए खर्च किए। दिल्ली कैपिटल्स की रिटेंशन कटौती राशि कुल 42.50 करोड़ रुपए हो गई, इसलिए उसे अपने पास बचे 47.50 करोड़ रुपए में से ही बाकी की पूरी टीम बनानी होगी।

यहां देखिए किसने किया किसको रिटेन और किस फ्रैंचाइजी के पर्स में बची कितनी राशि

चेन्नई सुपर किंग्स : फ्रैंचाइजी ने रविंद्र जडेजा को 16, महेंद्र सिंह धोनी धोनी को 12, मोईन अली को 8 और ऋतुराज गायकवाड़ को 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया। उसकी रिटेंशन कटौती 42 करोड़ रुपए हुई। उसके पर्स में 48 करोड़ रुपए बचे हैं।

दिल्ली कैपिटल्स : फ्रैंचाइजी ने ऋषभ पंत को 16, अक्षर पटेल को 9, पृथ्वी शॉ को 7.50 और एनरिक नॉर्टजे को 6.50 करोड़ रुपए में रिटेन किया। उसकी रिटेंशन कटौती 42.50 करोड़ रुपए रही। उसके पर्स में 47.50 करोड़ रुपए बचे हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स : फ्रैंचाइजी ने आंद्रे रसेल को 12, वरुण चक्रवर्ती को 8, वेंकटेश अय्यर को 8 और सुनील नरेन को 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया। उसकी रिटेंशन कटौती 42 करोड़ रुपए रही। उसके पर्स में 48 करोड़ रुपए बचे हैं।

मुंबई इंडियंस : फ्रैंचाइजी ने रोहित शर्मा को 16, जसप्रीत बुमराह को 12, सूर्यकुमार यादव को 8 और कीरोन पोलार्ड को 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया। उसकी रिटेंशन कटौती 42 करोड़ रुपए रही। उसके पर्स में 48 करोड़ रुपए बचे हैं।

पंजाब किंग्स : फ्रैंचाइजी ने मयंक अग्रवाल को 12 और अर्शदीप सिंह को 4 करोड़ रुपए में रिटेन किया। उसकी रिटेंशन कटौती 18 करोड़ रुपए रही। उसके पर्स में 72 करोड़ रुपए बचे हैं।

राजस्थान रॉयल्स : फ्रैंचाइजी ने संजू सैमसन को 14, जोस बटलर को 10, यशस्वी जायसवाल को 4 करोड़ रुपए में रिटेन किया। उसकी रिटेंशन कटौती 28 करोड़ रुपए रही। उसके पर्स में 62 करोड़ रुपए बचे हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर : फ्रैंचाइजी ने विराट कोहली को 15, ग्लेन मैक्सवेल को 11, मोहम्मद सिराज को 7 करोड़ रुपए में रिटेन किया। उसकी रिटेंशन कटौती 33 करोड़ रुपए रही। उसके पर्स में 57 करोड़ रुपए बचे हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद : फ्रैंचाइजी ने केन विलियमसन को 14, अब्दुल समद को 4, उमरान मलिक को 4 करोड़ रुपए में रिटेन किया। उसकी रिटेंशन कटौती 22 करोड़ रुपए रही। उसके पर्स में 68 करोड़ रुपए बचे हैं।

Back to top button