लखनऊ/उत्तरप्रदेश

ओवैसी की पार्टी AIMIM ने जारी की यूपी विस चुनाव में प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, जानें कौन कहां से लड़ेगा चुनाव …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने अपने प्रत्‍याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पश्चिम से लेकर पूर्व तक जमकर जनसभाएं की हैं। वहीं, मुसलमान मतदाताओं को जगाने की कोशिश की है। वह हमेशा कहते रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के राजनीतिक पार्टियों ने मुसलमानों का वोट तो खूब लिया, लेकिन मुसलमानों को रहनुमाई नहीं दी। अब बदलाव का वक्त है। ओवैसी की रहनुमाई कितनी कारगर साबित होगी यह तो वक्त बताएगा। पार्टी की पहली सूची में 9 सीटों के प्रत्‍याशियों के नाम हैं। इसमें पहले चरण के 8 और दूसरे चरण का एक प्रत्‍याशी शामिल है।

बहरहाल यूपी विधानसभा चुनाव में जैसे-जैसे समय कम होता जा रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक पार्टियों की दिलों की धड़कन भी तेज होती जा रही है। उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में होने वाले चुनाव में पहला चरण पश्चिम से शुरू हो रहा है। इस चरण के लिए लगभग सभी राजनीतिक पार्टियां अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान भी कर दिया है। वहीं, आज एआईएमआईएम ने भी अपनी पहली सूची जारी कर ताल ठोक दी है।

इससे पहले असदुद्दीन ओवैसी के साथ ओमप्रकाश राजभर ने मिलकर भागीदारी संकल्‍प मोर्चा का ऐलान किया था। यह मोर्चा लंबे समय तक नहीं चल पाया, लिहाजा राजभर अखिलेश यादव की साइकिल पर सवार हो गए। इसके बाद ओवैसी को उम्मीद थी कि राजभर अपने साथ उन्हें भी ले जाएंगे और कुछ सीटों पर रजामंदी के साथ सपा के गठबंधन में चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अखिलेश ने ओवैसी की पार्टी को गले लगाने से परहेज किया। नतीजा यह रहा कि पार्टी इस बार उत्तर प्रदेश के चुनाव में अकेले ही ताल ठोक रही है। उत्तर प्रदेश की 9 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है, जो कि मुस्लिम हैं।

बता दें असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी उत्तर प्रदेश में 100 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आज 9 प्रत्याशियों के ऐलान के साथ ही पार्टी ने प्रदेश में गठबंधन की सियासत के फलसफे को भी खत्म कर दिया है। खबरों की मानें तो असदुद्दीन ओवैसी लगातार समाजवादी पार्टी से संपर्क में रहे और वह चाहते थे कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन हो जाए, लेकिन सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ओवैसी की पार्टी पर कोई भरोसा नहीं किया। अब उनकी पार्टी अकेले चुनावी मैदान में है।

यूपी चुनाव के लिए ये हैं पहले 9 प्रत्‍याशी

  • 1। डॉ मेहताब- लोनी, गाजियाबाद
  • 2। फुरकान चौधरी- गढ़ मुक्तेश्वर, हापुड़
  • 3। हाजी आरिफ- धौलाना, हापुड़
  • 4। रफत खान- सिवाल खास, मेरठ
  • 5। जीशान आलम- सरधना, मेरठ
  • 6। तसलीम अहमद – किठौर, मेरठ
  • 7। अमजद अली- बहत, सहारनपुर
  • 8। शाहीन रजा खान (राजू) – बरेली-124, बरेली
  • 9। मरगूब हसन- सहारनपुर देहात, सहारनपुर

हालांकि देखना दिलचस्प होगा कि मुस्लिम वोट की सियासत में असदुद्दीन ओवैसी कितने सफल हो पाएंगे। उनकी पार्टी के प्रत्याशी कुछ गुल खिला पाएंगे यह सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक पर उनकी सेंधमारी दूसरी राजनीतिक पार्टियों का नुकसान करेगी। 2022 के विधानसभा चुनावों में ओवैसी का दमखम देखने लायक है। उन्‍होंने इसके लिए उत्तर प्रदेश में खूब दौरे किए हैं।

Back to top button