छत्तीसगढ़रायपुर

नक्सलियों ने नारायणपुर-ओरछा मार्ग को खोदा, सड़क पर लगाया बैनर, थम गए गाड़ियों के पहिये …

रायपुर। नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया है। माओवादियों ने ओरछा मार्ग को खोद दिया है, जिससे बसों सहित अन्य वाहनों के पहिये थम गए हैं। नक्सलियों ने ओरछा से 2 किलोमीटर की दूर बड़ी संख्या में बैनर भी लगाए गए हैं। ओरछा से आने वाली एक भी बस अब तक नारायणपुर नहीं पहुंची है। बसों को ओरछा में रोका गया है। सूचना पर फोर्स के जवानों को मौके पर रवाना किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने ओरछा ब्लॉक को नारायणपुर जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली पक्की सड़क को जगह-जगह काट दिए हैं। माओवादियों ने कई बैनर लगाए हैं, जिसमें साम्राज्यवाद विरोध सप्ताह मनाने की बात लिखी हुई है। बैनर में नक्सलियों ने महिलाओं पर बढ़ रहे मनुवादी पितृ सत्तात्मक हमलों के खिलाफ संघर्ष तेज करने और महिलाओं को पुरुषों की गुलाम समझने वाले मनुधर्म शास्त्र को दफनाने की बात लिखी गई है। यह बैनर क्रांतिकारी आदिवासी महिला संगठन की ओर से लगाए गए हैं। बस्तर में माओवादी 23 से 29 मार्च तक साम्राज्यवाद विरोध सप्ताह मना रहे हैं।

नक्सलियों द्वारा बैनर लगाने व सड़क को खोदने की सूचना के बाद फोर्स रवाना किया गया। जवानों द्वारा बैनर निकाल लिया गया है। फिलहाल अब तक सड़क के गड्ढे भरे नहीं गए हैं। जवान अभी इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं। फोर्स को नुकसान पहुंचाने नक्सली ऐसी जगहों पर आईईडी प्लांट कर देते हैं और एम्बुस में फांसते हैं। 7 मार्च को बीजापुर में जिला पुलिस बल का जवान सरैया तलंडी पर्चा हटाने के दौरान प्रेशर बम की चपेट में आ गया था। नक्सलियों ने पर्चा के नीचे आईईडी प्लांट कर दिया था। नक्सलियों द्वारा मार्ग खोदे जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र में दहशत भी देखी जा रही है।

फोर्स की मौजूदगी में प्रशासन की पहुंच अब गांवों तक होने लगी है। लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे नक्सलियों का जनाधार कमजोर हो रह है। कलेक्टर व एसपी लगातार अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों का सघन दौरा कर रहे हैं। कई वर्षों के बाद किसी कलेक्टर ने अबूझमाड़ के मुख्यालय ओरछा में जनदर्शन शिविर लगाया था। अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों तक पुलिस व प्रशासन की पहुंच नक्सलियों को नागवार गुजर रही है। नक्सली अपना प्रभाव कायम रखने लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हिंसात्मक वारदातों को अंजाम देकर दहशत भी फैला रहे हैं।

Back to top button