Uncategorized

मप्र: बीजेपी विधायक का अटपटा बयान, बोले- कांग्रेस के कारण आई ग्वालियर-चंबल में बाढ़, कांग्रेस ने किया पलटवार…

भोपाल। बीजेपी के एक विधायक ने प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में आयी बाढ़ के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा दिया। बीजेपी विधायक और विधानसभा के पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने अजीबो-गरीब बयान देते हुए कहा कि नदी-नालों पर कांग्रेसियों ने गलत तरीके से अवैध कब्जे किए हैं। अटल बिहारी वाजपेयी के समय इंटरलिंक रिवर प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी। यदि यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाता तो ना कहीं बाढ़ के हालात होते और ना ही कहीं सूखा होता। बीजेपी अब 5 साल का प्लान तैयार कर रही है। 5 साल बाद देश में कहीं न बाढ़ आएगी न कहीं सूखा होगा।

इससे पहले प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग के महंगाई के लिए कांग्रेस और पं. जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार बताया था। लेकिन, अब बीजेपी विधायक ने प्राकृतिक आपदा और बाढ़ के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। ऐसे में कांग्रेस और भड़क उठी है। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने बाढ़ के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि सरकार ने प्री मानसून तैयारी नहीं की थी। बाढ़ उसी का नतीजा है। जीतू पटवारी ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के बाढ़ में फंसने पर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस विधायक ने इसे गृहमंत्री की सुरक्षा में चूक का मामला बताया है। जीतू पटवारी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान पर कहा कि भाजपा के नेता बदहजमी के शिकार हो गए हैं। पहले महंगाई के लिए नेहरू को जिम्मेदार बताया, अब बाढ़ के लिए कांग्रेस को दोषी ठहरा रहे हैं। हर बात के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बता रहे बीजेपी नेताओं में ज्ञान की कमी है।

कांग्रेस नेता अजय सिंह ने कहा कि बाढ़ प्राकृतिक आपदा है। बीजेपी सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। बाढ़ की जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार की देन नहीं है। कांग्रेस पर ठीकरा फोड़कर भाजपा सरकार जिम्मेदारी से भाग रही है। भाजपा सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेकर लोगों की मदद करना चाहिए। तेजी के साथ बढ़ रही महंगाई पर इससे पहले प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू और उनके लाल किले पर दिए गए भाषण को जिम्मेदार बताया था। मंत्री सारंग ने नेहरू की आर्थिक नीतियों को ही महंगाई बढ़ने का कारण बताया था। वहीं, अब बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बाढ़ से प्रदेश में बने हालातों के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताने पर प्रदेश का सियासी पारा गर्म हो गया है।

Back to top button