मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र : टमाटर और मिर्ची की माला पहनकर पहुंची विधायक, मंत्री बोले- विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का 5 दिवसीय मानसून सत्र आज मंगलवार से प्रारंभ हो गया। पहले दिन टमाटर के बढ़ते हुए दामों को लेकर कांग्रेस की महिला विधायक ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक कल्पना वर्मा गले में मिर्ची और टमाटर की माला डालकर पहुंची। कहा कि  बहनें हर तरफ परेशान हो रही हैं। मैं सरकार की योजना का विरोध करती हूं। टमाटर और सब्ज़ियों के बढ़ते हुए दामों से जनता परेशान है। ऐसी योजनाओं का कोई फायदा नहीं है। हालांकि, विधायक को माला पहनकर सदन के भीतर जाने से रोक दिया। इस बार विधानसभा की कार्यवाही में महंगाई का मुद्दा जमकर गरमाएगा। 15वीं विधानसभा का यह अंतिम सत्र है। इस सत्र के ठीक पहले मप्र के अलग-अलग इलाकों से आदिवासियों और दलितों के साथ हुई मारपीट और उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। मानसून सत्र में भी विपक्ष ने सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है।

मंत्री भूपेंद्र बोले- क्या राजस्थान में फ्री में मिल रहा

रैगांव की कांग्रेस विधायक कल्पना वर्मा के टमाटर और मिर्च की माला पहनकर विधानसभा पहुंचने पर नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि- ठीक है, यह मौसमी महंगाई है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा है नहीं। विपक्ष कभी विकास की बात नहीं करेगा, क्योंकि विकास उन्होंने कभी किया ही नहीं है। विकास से कांग्रेस का कोई नाता नहीं है। सिर्फ मध्य प्रदेश में ये थोड़ी ना सब महंगा है। राजस्थान में आपकी सरकार है। राजस्थान में क्या कुछ महंगा नहीं बिक रहा है। वहां क्या फ्री में मिल रहा है। ये सब मौसमी सब्जियां हैं। टमाटर का उत्पादन बारिश से प्रभावित होता है। यह मौसमी महंगाई है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए ऐसी बात कर रहे हैं। वहीं, PWD मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि क्या कांग्रेस के काल में सब्जियों के भाव नहीं बढ़ते। पहले महंगाई को लेकर सरकार गिर जाया करती थी। यह आदिकाल से होता आ रहा है।

अरुण यादव ने पटवारी परीक्षा में गड़बड़ी के लगाए आरोप

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने ग्रुप 2 सब ग्रुप 4 के रिजल्ट पर सवाल उठाते हुए पटवारी और अन्य भर्ती के पदों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। टॉपर की लिस्ट काे लेकर उन्होंने सवाल पूछा- 10 में से 7 टॉपर ग्वालियर के एक ही कॉलेज (NRI) के कैसे? यादव ने कहा कि टॉपर छात्रों के हस्ताक्षर हिंदी में और उनको इंग्लिश में आये 25 से 25 नंबर। यादव बोले- पूरे प्रदेश में 9 हजार अभ्यर्थियों का चयन हुआ। जिसमें से 1 हजार NRI कॉलेज के हैं। NRI कॉलेज में जिन उम्मीदवारों का सेंटर आया, वहां के एक हजार अभ्यर्थी कैसे चयनित हो गए।

नरोत्तम मिश्रा बोले- वंदे मारतम् गान का अपमान हुआ

विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के सीट पर बैठने से पहले कांग्रेस विधायक कांतिलाल भूरिया ने आदिवासी अत्याचार का मामला उठाया। इस पर संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हस्तक्षेप किया। अध्यक्ष ने कहा- वंदे मातरम हो जाने दीजिए। नरोत्तम मिश्रा बोले- इन लोगों ने वनदे मातरम् का अपमान किया है। मैं इसकी निंदा करता हूं। इस पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- संसदीय कार्यमंत्री झूठ बोल रहे हैं, वंदे मातरम् गान शुरू नहीं हुआ था। इस दौरान काफी शोर-शराबा शुरू हो गया। हंगामे के बीच अध्यक्ष ने कहा- सदन की परंपरा में ये नहीं है कि वंदे मातरम् हुए बिना कार्रवाई शुरू हो। ये दुखद है।

दिवंगत नेताओं को दी गई श्रद्धांजलि

मानसून सत्र के पहले दिन दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई। पूर्व विधायक मधुकर हर्षे, रमेश शर्मा का बीते दिनों निधन हो गया था। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, पूर्व केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया और पूर्व मुख्य सचिव निर्मला बुच को भी श्रद्धांजलि दी गई। 30 मार्च को इंदौर के बेलेश्वर मंदिर की बावडी धंसने से मृत लोगों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सत्र से पहले यह बोले पक्ष-विपक्ष के नेता

♦  मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा, कांग्रेस हमेशा झूठ बोलती है। झूठे वादे करती है। कांग्रेस के आरोपों का मुकाबला पूरी तैयारी से करेंगे।

♦  स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा, हम हर मुद्दों का पूरा जवाब देंगे। विपक्ष से निवेदन है, मुद्दों से न भागे।

♦  पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया ने कहा, कानून व्यवस्था, महाकाल और सतपुड़ा आग का मुद्दा उठाएंगे।

♦  पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा, शिवराज सरकार ने 18 साल में जो भ्रष्टाचार और घोटाले किए, उन्हें उठाया जाएगा। सत्र के पांचों दिन, पूरी कार्यवाही में विपक्ष हिस्सा लेगा।

♦  अमित शाह और केंद्रीय मंत्रियों के दौरे पर सज्जन सिंह वर्मा ने पलटवार किया कि कर्नाटक में मोदी की 20 सभाएं हुई, पूरी केंद्रीय कैबिनेट बैठी रही, लेकिन कांग्रेस जीती। मध्यप्रदेश में कुछ भी कर ले कांग्रेस ही जीतेगी।

नेता प्रतिपक्ष बोले- पांच साल में जनता का जीवन बर्बाद

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि सरकार ने पांच साल में प्रदेश की जनता का जीवन बर्बाद कर दिया है। आज यहाँ न तो महिलाएँ न ही पुलिस अधिकारियों के परिवार सुरक्षित हैं। सरकार इसके लिए दोषी है। अपराधियों को संरक्षण इनकी सरकार में किया जाता है। हमारे पास प्रमाण है अपराधी को बचाने के लिए फरियादी को सजा देने का काम करते हैं। पूरे प्रदेश की क़ानून व्यवस्था चरमरा गई है। महाकाल लोक और सतपुड़ा के प्रमुख मुद्दों को उठाएंगे। हमारा सरकार से अनुरोध है कि एक एक प्रश्न का जवाब दे। सच्चाई का सामना करें। हम क्यों भागेंगे। जो चोर होता है, वो भागता है। हम तो पकड़ने वालों में से हैं, हमें भागने की कोई जरूरत नहीं है।

Back to top button