छत्तीसगढ़रायपुर

देश के जवानों व सीमाओं से खिलवाड़ कर रही मोदी सरकार, सीएम भूपेश बोले- सेना में पूर्णकालिक भर्ती होनी चाहिए …

रायपुर। मोदी सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ भारत में युवाओं का विरोध बढ़ता जा रहा है। देश के कई राज्यों में इसका जमकर विरोध हो रहा है। बिहार और उत्तर प्रदेश में इसका सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। युवाओं ने जमकर हंगामा मचा दिया है। कई जगहों पर ट्रेनों में आग लगा दी गई है। आंदोलनकारी इसे तुरंत वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मोदी सरकार पर हमला बोला।

सीएम भूपेश बघेल ने अग्निपथ को लेकर राहुल गांधी के ट्वीट का समर्थन करते हुए कहा कि देश में पूर्णकालिक भर्ती होनी चाहिए। सीएम ने कहा कि सेना में भर्ती करने के लायक आपके पास पैसे नहीं है। देश की सुरक्षा करने वाले जवानों को भर्ती करने के लिए आपके पास पैसा नहीं है। वो जज्बा लेकर देश की सीमाओं में जाते हैं। मोदी सरकार देश के जवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। देश की सीमाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है।

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि मोदी सरकार देश की संपत्ति को बेच रही है। हम मांग करते हैं कि सेना में पूर्णकालिक भर्ती होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती के लिए पैसा नहीं है तो केंद्र को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए की स्थिति ऐसी क्यों आई है। सीएम बघेल ने कहा कि 4 साल में अग्निपथ के युवा बंदूक चलाना सीख जाएंगे। बेरोजगार होने पर अपराधिक घटनाओं में शामिल होंगे। मोदी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

सीएम भूपेश बघेल ने पेट्रोल पंप में फ्यूल की कमी को लेकर कहा कि पेट्रोल पंप एसोसिएशन के सदस्यों से शाम को चर्चा करूंगा। उन्होंने केंद्र से पूछा कि देश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति घटाई जा रही है। क्या श्रीलंका की जो स्थिति है, उस दिशा में हम लोग जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि भारत सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसा क्यों हो रहा है? 30 से 40% पेट्रोल-डीजल में कटौती की जा रही है। इससे ट्रांसपोर्टिंग प्रभावित होने के साथ महंगाई बढ़ जाएगी। छत्तीसगढ़ में धान की बोआई का सीजन है। डीजल नहीं मिलने से खेती प्रभावित होगी। ऐसा होने से राज्य बड़े संकट में फंस सकता है।

Back to top button