देश

स्टील फैक्ट्री के कर्मचारियों पर भीड़ का हमला, 19 पुलिसवाले घायल, 27 की गिरफ्तारी …

मुंबई। स्टील कंपनी में हुई हिंसक झड़प में 19 पुलिसकर्मी घायल हो गए और 12 वाहनों के साथ भी तोड़फोड़ की गई। एक अधिकारी के मुताबिक यहां लेबर यूनियन के लगभग 100 लोगों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया था। झड़प के बाद पुलिस ने इस मामले में 27 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह फैक्ट्री पालघर जिले के बोइसर कस्बे में है।

घटना शनिवार की है जब फैक्ट्री परिसर में करीब 100 लोगों की भीड़ अचानक घुस गई। इसके बाद उन लोगों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस को सूचना दी गई तो पुलिस ने बीचबचाव का काम शुरू किया लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिसवालों को भी नहीं बख्शा। पुलिस के वाहनों के साथ तोड़फोड़ की गई। मजदूर यूनियन के सदस्यों को काबू करने के प्रास में कई पुलिसवाले घायल हो  गए।

घटना के बाद फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पालघर पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि यहां तनाव का माहौल है लेकिन स्थिति नियंत्रण में हैं। फैक्ट्री के एक अधिकारी ने कहा कि लंबे समय से लेबर यूनियन के साथ किसी मुद्दे को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि उन्होंने यह नहीं स्पष्ट किया कि मुद्दा क्या था।

पुलिस ने इस मामले में 27 लोगों को गिरफ्तार करके विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। इसमें हत्या का प्रयास, दंगा भड़काना और आपराधिक षड्यंत्र जैसी धाराएं शामिल हैं।

 

Back to top button