लखनऊ/उत्तरप्रदेश

दलित मुख्यमंत्री बनाना कांग्रेस का चुनावी हथकंडा है : बसपा…

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने पंजाब में दलित मुख्यमंत्री बनाए जाने पर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दिखावे के लिए पंजाब में दलित को सीएम बनाया है। यह सब उसका चुनावी हथकंडा है। पंजाब के दलित कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाले हैं।

 

मायावती ने कहा कि यूपी में 2022 का चुनाव नजदीक देख भाजपा ओबीसी के प्रति प्रेम दिखा रही है।  अगर उनको सही में इन जातियों से प्रेम होता तो एससी एसटी और ओबीसी के बैकलॉग पद ख़ाली न रहते। और भाजपा को ओबीसी जाति जनगणना को अब तक स्वीकार कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि काठ की हांडी बार-बार चढ़ने वाली नहीं है। केवल वोट की खातिर ओबीसी और दलित को लुभाया जा रहा है। भाजपा कांग्रेस के बहकावे में ये दोनो जातियां आने वाली नहीं है।

 

आपको बता दें कि चरणजीत सिंह चन्नी के तौर पर पंजाब को अपना अगला मुख्यमंत्री मिल गया है। राजभवन में सोमवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने चन्नी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। चन्नी के साथ ही सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने भी मंत्रीपद की शपथ ली है और इन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस समारोह में शामिल होने के लिए राजभवन पहुंचे लेकिन तब तक चन्नी शपथ ले चुके थे।

Back to top button