नई दिल्ली

युवाओं को नशे की लत की ओर धकेलना चाहते हैं केजरीवाल: अभिषेक कृष्ण दुबे

नई दिल्ली। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अभिषेक कृष्ण दुबे ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बड़ा आरोप मढ़ा है। दुबे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल युवाओं को नशे की लत की ओर धकेल रहे हैं।

दुबे ने कहा कि आज युवाओं को जहां रोजगार की आवश्यक्ता है वहीं दिल्ली सरकार शराब की कीमतों में कमी करके युवाओं को पीने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के युवा शराब में डूबे रहे इसके लिए शराब खरीदने की उम्र 25 साल से घटाकर 21 साल कर दी गई। दुबे ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार की नीतियों के कारण दिल्ली के युवा ठगा सा महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दिल्ली की कुल आबादी का 40 फीसदी युवा है। जिसके लिए अरविंद केजरीवाल सरकार ने बड़ी—बड़ी घोषणाएं की हैं लेकिन धरातल पर उतरती नजर नहीं आ रही हैं। जिसमें कुछ प्रमुख मुद्दे रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा से लेकर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार में एक लाख से अधिक पद खाली पड़े हुए हैं जिसे भरा नहीं जा रहा है।

वहीं ठेका प्रथा की शुरूआत करके युवाओं का कॅरियर बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेके पर काम करने वाले युवाओं को यह भी नहीं पता कि उनकी नौकरी कब पक्की होगी।

Back to top button