छत्तीसगढ़रायपुर

जोगी कांग्रेस की अध्यक्ष रेणु जोगी आज दिल्ली में कर रहीं हैं सोनिया गांधी से मुलाकात, विलय की संभावनाओं पर चर्चा ….

रायपुर। जोगी कांग्रेस की अध्यक्ष डॉ. रेणु जोगी आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर रही हैं। इस मुलकाकात को जोगी कांग्रेस का कांग्रेस में विलय की संभावनाओं को लेकर देखा जा रहा है। हालांकि जोगी कांग्रेस की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

अजीत जोगी के निधन के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की कमान रेणु जोगी और उनके बेटे अमित जोगी के पास है। इस बीच कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री पद के लिए मचे घमासान के बीच छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया खेला शुरू हो गया है। दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के कांग्रेस में विलय की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इस मुद्दे पर बातचीत के लिए जनता कांग्रेस की केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. रेणु जोगी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंची हैं। यह मुलाकात आज ही होनी है।

पार्टी सूत्रों ने बताया, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. रेणु जोगी गुरुवार शाम की उड़ान से दिल्ली पहुंची हैं। यह वही विमान था, जिससे कांग्रेस के अधिकतर विधायक दिल्ली जा रहे थे। पार्टी पदाधिकारी ने बताया, इस संबंध में कई दिनों से चर्चा चल रही थी। सोनिया गांधी ने आज मुलाकात और बातचीत के लिए समय दिया था। उसके बाद डॉ. जोगी दिल्ली गई हैं। आज दोनों नेताओं के बीच बातचीत से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का भविष्य तय होगा।

पार्टी के नेताओं को उम्मीद है कि पार्टी का कांग्रेस में विलय का सम्मानपूर्ण रास्ता निकल आएगा। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ इस समय प्रदेश की तीसरी बड़ी राजनीतिक ताकत है। 90 सदस्यों वाली विधानसभा में इस पार्टी के 4 विधायक हैं। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और बसपा गठबंधन ने 2018 के विधानसभा चुनाव में 7 सीटें जीती थीं। इसमें से 5 सीटें जकांछ की थी। मई 2020 में अजीत जोगी के निधन से एक सीट खाली हो गई।

अजीत जोगी के निधन के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी के चार विधायकों में से देवव्रत सिंह और प्रमोद शर्मा कांग्रेस के साथ खड़े हो गए हैं। हालांकि दल-बदल कानून की अड़चनों की वजह से उनका कांग्रेस में जाना संभव नहीं है।

Back to top button