छत्तीसगढ़रायपुर

योगी के गढ़ में सीएम भूपेश बघेल ने किया 2500 में धान खरीदी का वादा…

रायपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर पहुंचकर छत्तीसगढ़ के सीएम  भूपेश बघेल ने 2500 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का वादा किया है। वे वहां के चंपा देवी पार्क में प्रियंका गांधी के साथ एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। यह जनसभा पूर्वांचल प्रतिज्ञा यात्रा के तहत हो रही है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस अपने चुनावी वादे लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में है।

लखनऊ रवाना होने से पहले रायपुर में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, उत्तर प्रदेश में 800 से 1200 रुपए प्रति क्विंटल में धान बिक रहा है। खरीदी की कोई व्यवस्था नहीं है। किसान परेशान हैं। जानवर खुले में चर रहे हैं और किसान रात-रात भर जागकर फसलों की रक्षा कर रहे हैं। वहां का किसान बेहद आक्रोशित है। वे छत्तीसगढ़ की योजनाओं की ओर बड़ी आशा भरी निगाह से देख रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए और गोधन के लिए जिस प्रकार के कार्य हुए हैं उसी तरह के कार्य वहां भी आज जनमानस की मांग है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, उत्तर प्रदेश के कुशासन से सभी लोग नाराज हैं।

पूर्वांचल प्रतिज्ञा यात्रा के तहत आयोजित इस रैली को पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और बस्ती मंडल की विधानसभा सीटों पर किसानों के ध्रुवीकरण का बड़ा प्रयास माना जा रहा है। गोरखपुर योगी आदित्यनाथ का गृह जिला है। इसी शहर में स्थित गोरखनाथ मंदिर के वे महंत भी हैं। ऐसे में भाजपा भी इस इलाके पर अपना पूरा जोर लगा रही है। शनिवार को ही मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने यहां सभा की है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस जिन आठ प्रतिज्ञा की बात कर रही है, उसमें से कई छत्तीसगढ़ के चुनावी वादों जैसे हैं। इसमें किसानों का कर्जा माफ, 2500 रुपए प्रति क्विंटल में धान और गेहूं की खरीदी और बिजली बिल हाफ जैसी बाते हैं।

वहीं गन्ने का समर्थन मूल्य 400 रुपए प्रति क्विंटल, छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी, कोरोना काल का बकाया साफ, प्रति परिवार 25 हजार, 20 लाख को सरकारी रोजगार और 10 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त जैसे नए वादे जोड़े गए हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने यूनिवर्सल हेल्थ सिस्टम का वादा किया था।

Back to top button