मध्य प्रदेश

डिंडौरी में जब छाता लेकर अपनी दुल्‍हनिया लेने एक साथ पहुंचे 300 दूल्हे

प्रत्येक दूल्हे को भेंट किए छाता, हाथ घड़ी और हाथ वाला पंखा

डिंडौरी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के तहत मंगलवार को जब नगर में एक साथ 300 दूल्हों की बारात निकली तो लोग देखते ही रह गए। नर्मदा तट स्थित गायत्री मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ सामूहिक बारात निकाली गई, जो नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन मैदान पहुंची। रास्ते में जगह-जगह बारात का स्वागत करने के साथ स्वल्पाहार की भी शानदार व्यवस्था स्वयं नगर के लोगों ने की थी।

बारात के दौरान आतिशबाजी भी की गई। बारात में दूल्हे छाता लेकर शामिल हुए। बारात में दूल्हों के परिवारजन के साथ ही अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि  और भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई बारात में जनप्रतिनिधि थिरकते भी नजर आए। जगह-जगह बारात का स्वागत पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विकासखंड डिंडौरी से 98, समनापुर से 23, अमरपुर से 43 बजाग से 53, करंजिया से 71, मेहंदवानी से एक और नगर परिषद डिंडोरी क्षेत्र से 11 जोड़े शामिल हुए। परिजनों व दूल्हा-दुल्हन के लिए भोजन की व्यवस्था भी पंडाल के पास की गई है। बरात निकलने से पूर्व गायत्री मंदिर परिसर में ही जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रत्येक दूल्हे को छाता, हाथ घड़ी, बिजन (हाथ वाला पंखा) सहित ग्रहस्थी की अन्य सामग्री प्रदान की गई।

Back to top button