मध्य प्रदेश

भोपाल पहुंचीं महामहिम मुर्मु, कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में धर्म-धम्म सम्मेलन का करेंगी शुभारंभ

5 देशों के संस्कृति मंत्रियों के अलावा 15 देशों के 350 विद्वान शामिल हो रहे इस सम्मेलन में, सम्मेलन में 115 शोध पत्र पढ़े जाएंगे

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सातवां धर्म-धम्म सम्मेलन आज शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। ‘नए युग में मानववाद का सिद्धांत” विषय पर हो रहे इस सम्मेलन का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुभारंभ करेंगी। आयोजन 5 मार्च तक चलेगा। इसमें भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के संस्कृति मंत्री भी भाग ले रहे हैं।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के भोपाल आगमन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज दोपहर करीब साढ़े 11 बजे विशेष विमान से दिल्‍ली से भोपाल पहुंचीं। राजा भोज विमानतल के स्‍टेट हैंगर पर राज्‍यपाल मंगुभाई पटेल और  मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका आत्‍मीय स्‍वागत किया। यहां से राष्‍ट्रपति मुर्मु कार्यक्रम स्‍थल के लिए रवाना हो गईं। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर और सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी।

धर्म-धम्म के वैश्विक विचारों को एक मंच प्रदान करने वाले इस सम्मेलन में 15 देशों से 350 से अधिक विद्वान शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में 115 शोध पत्र पढ़े जाएंगे। इसमें भूटान, मंगोलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, नेपाल, दक्षिण कोरिया, मॉरिशस, रूस, स्पेन, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन के विद्वान शिरकत कर रहे हैं। परिचयात्मक (कीनोट) सत्र में राम जन्मभूमि न्यास के सचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज, श्रीलंका के प्रो. कोटापितिये राहुल अनुष्का थेरो और स्वामीनारायण शोध संस्थान अक्षरधाम के महोमुखोपाध्याय साधु भद्रेश दास अपने विचार व्यक्त करेंगे। इस सम्मेलन  में 115 शोध पत्र पढ़े जाएंगे। मुख्य सत्र में अमेरिका से प्रो. डेविड फ्राले, ब्रिटेन के डा. इयान बेकर, दक्षिण कोरिया के प्रो. जियो ल्योंग ली, थाइलैंड से डां. सुपची वीरपुचांग, चिन्मय मिशन के स्वामी मित्रानंद और पंजाब केंद्रीय विवि के चासंलर प्रो. जगबीर सिंह मौजूद रहेंगे।

Back to top button