नई दिल्ली

दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश ने दिलाई भीषण गर्मी और उमस से राहत ….

नई दिल्ली । मौसम विभाग ने दोपहर 1:50 बजे ट्वीट कर बताया था कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोनी देहात, हिंडन वायु सेना स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी।

राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार दोपहर को भारी बारिश हुई जिससे भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने राजधानी में गरज के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश की भविष्यवाणी की थी।

दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह भी भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, न्यूनतम तापमान पांच डिग्री गिरकर 22.8 डिग्री सेल्सियस हो गया।

मौसम कार्यालय ने पहले कहा था कि शहर में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में सात मिमी बारिश हुई। दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिन हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रह सकती है। इस दौरान बीच-बीच में हल्की-फुल्की बारिश होती रहेगी। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। झुलसाने वाली लू के फिलहाल दोबारा लौटने के आसार नहीं हैं।

Back to top button