नई दिल्ली

छुट्टी मनाने शिमला पहुंचा गांधी परिवार : पंजाब की राजनीतिक जानकारी लेते हुए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष भी हुईं रवाना …

नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी हिमाचल प्रदेश के शिमला में जा रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भी शिमला जाने की उम्मीद है। प्रियंका गांधी पहले से ही बच्चों के साथ शिमला में छुट्टियां मना रही हैं। स्थानीय पुलिस के मुताबिक कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शिमला पहुंचने के बाद सीधे अपने घर छराबड़ा पहुंच गईं। सोनिया गांधी भी अपना समय यहीं परिवार के साथ बिताने के लिए यहां पहुंची हैं। पुलिस का कहना है कि गांधी परिवार की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी पंजाब की राजनीति की जानकारी लेते इसी रास्ते से शिमला जा रही हैं। गांधी परिवार की शिमला यात्रा निजी बताई जा रही है। प्रियंका गांधी के साथ उनके बच्चे और पति रॉबर्ट वाड्रा भी हैं। सूत्रों की मानें तो गांधी परिवार शिमला में कुछ दिन बिताएगा। प्रियंका गांधी की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी मात्रा में पुलिस के जवान उनके आवास के पास तैनात किए गए हैं।

गौरतलब है कि इसी वर्ष जून के महीने में प्रियंका गांधी वाड्रा अपने निजी दौरे पर शिमला पहुंची थी। प्रियंका ने यहां पर तीन से चार दिन बिताए थे। बता दें कि प्रियंका गांधी वाड्रा का घर शिमला से लगभग 13 किमी दूर स्थित है। इस घर को स्थानीय सुविधाओं के हिसाब से पहाड़ी डिजाइन में बनाया गया है।

Back to top button