छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर लोकसभा के पूर्व सांसद गोदिल प्रसाद अनुरागी का रतनपुर में निधन …

बिलासपुर। कांग्रेस के नेता व रहस नाचा के जाने-माने कला निर्देशक गोदिल प्रसाद अनुरागी का रतनपुर में रविवार को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। कुछ माह से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। वे सन 1967 और 1972 में मस्तूरी से विधायक और 1980 में बिलासपुर से कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं। उनकी बेटी तान्या अनुरागी बिलासपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी है।

गोदिल प्रसाद अनुरागी लोक परंपरा की जड़ों से जुड़े हुए थे। विधायक बनने से पहले और सांसद बनने के बाद भी वे रहस और अपनी संस्कृत को नहीं भूले थे। पिछले तीन माह से वे लकवाग्रस्त थे। डॉक्टरों ने इलाज के बाद उन्हें घर पर ही विश्राम करने को कहा था। इनका जन्म 1 नवंबर 1931 को नवापारा में हुआ था।

उन्होंने सातवीं कक्षा तक की पढ़ाई की थी, लेकिन रहस नृत्य उनका महारत थी। गोदिल प्रसाद अनुरागी की पत्नी श्याम बाई का निधन हो चुका है। उनके इकलौते बेटे का भी निधन हो चुका है। उनकी एक बेटी तान्या अनुरागी ने भी बिलासपुर लोकसभा से चुनाव लड़ा था। दूसरी बेटी की शादी मल्हार में हुई है। अनुरागी रतनपुर में अपने नाती-पोतों के साथ रहते थे। उनके निधन से रतनपुर के लोगों व जिले के कांग्रेस नेताओं में शोक का वातावरण है।

Back to top button