छत्तीसगढ़बिलासपुर

तखतपुर विधायक के फर्जी चेक से 50 हजार रूपए हुए पार, धोखाधड़ी का मामला दर्ज…

बिलासपुर। संसदीय सचिव व तखतपुर विधायक के खाते से फर्जी चेक लगाकर पैसा निकालने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने दिल्ली के बैंक से 50 हजार रूपए निकल लिए। इससे पहले पुणे की एक महिला ने चेक जारी कर फर्जी हस्ताक्षर कर रूपए निकालने की कोशिश की थी। विधायक की निज सचिव ने इस मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विधायक रश्मि सिंह का नेहरू नगर स्थित एसबीआई में खाता है। उनके खाते से 49 हजार 8 सौ रुपए निकाल लिए गए हैं। शनिवार को जब उन्हें दिल्ली स्थित बैंक से रकम निकलने का मैसेज मिला, तब ठगी का पता चला। उन्होंने पहले इस मामले की शिकायत बैंक से भी की। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि रोहित राज नाम के किसी व्यक्ति के नाम पर चेक जारी हुआ है और उनके खाते से रकम निकाली गई है। उन्होंने इस नाम से चेक ही जारी नहीं किया है। ऐसे में उनके फर्जी चेक व हस्ताक्षर से उनके खाते से रकम निकालने की आशंका है। पुलिस ने बैंक से राशि निकलवाने वाले की पूरी जानकारी मांगी है। इसके आधार पर ही आरोपियों की छानबीन की जाएगी।

पहले भी की गई है कोशिश

विधायक रश्मि सिंह के बैंक खाते का फर्जी चेक लगाकर पहले भी धोखाधड़ी की कोशिश की गई थी। इससे पहले ही विधायक ने अपना हस्ताक्षर भी बदल दिया था। साथ ही इसकी जानकारी बैंक में भी दी थी। इसके बाद भी अक्टूबर में उनके खाते से पुणे की महिला के नाम से चेक जारी किया गया था। चेक फर्जी था और उसमें हस्ताक्षर भी फर्जी था। जिससे चार लाख 51 हजार रुपए निकालने की कोशिश की गई थी, लेकिन बैंक ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्टॉप पेमेंट करा दिया था। इससे चेक से राशि नहीं निकाली जा सकी। इस मामले भी सिविल लाइन पुलिस धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच कर रही थी, कि फिर से जालसाजी हो गई।

Back to top button