मध्य प्रदेश

हड़ताल करने के कारण हटाए गए आउटसोर्स कर्मचारियों को फिर से रखेंगी बिजली कंपनियां 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सेवाएं बहाल करने के निर्देश दिए

भोपाल। बीते दिनों हड़ताल करने के कारण हटाए गए आउटसोर्स कर्मचारियों को विद्युत वितरण कंपनियां फिर से सेवा में बहाल करेगी। इन कर्मचारियों को बीते जनवरी के महीने में हड़ताल पर जाने के कारण हटा दिया गया था। दाे दिन पूर्व शुक्रवार को आउटसोर्स कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर खेद व्यक्त किया और दोबारा ऐसा नहीं करने का विश्वास भी दिलाया। इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी सेवाएं बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

आउटसोर्स कर्मचारियों ने संविलियन करने, अनावश्यक सेवा से हटाकर प्रताडि़त करने, वेतनवृद्धि न होने और दुर्घटना बीमा को लेकर हड़ताल की थी। विद्युत वितरण कंपनियों ने चेतावनी देने के बाद भी जो एक हजार 28 कर्मचारी काम पर नहीं लौटे थे, उनकी सेवाएं समाप्त कर दी थी। कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री से भेंट की और फिर से सेवा में रखे जाने का अनुरोध किया। इस पर उन्होंने सभी को बहाल करने के निर्देश दिए। एक अन्य मामले में जबलपुर हाई कोर्ट ने अंतरिम आदेश के जरिए उपयंत्री की भर्ती को विचाराधीन याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन कर दिया। इसके साथ ही राज्य शासन सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया। मामले की अगली सुनवाई 18 जुलाई को निर्धारित की गई है। उधर आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जल्द इन्हें कार्य पर रखने की कार्यवाही की जाएगी।

Back to top button