फिल्म जगत

अपनी इस खराब के आदत के कारण राजकपूर को होटल में भरना पड़ा था जुर्माना…

नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता राज कपूर जितने बड़े आदमी थे उतनी ही सादगी से अपना जीवन बिताते थे। राज कपूर की ऐसी ही एक आदत थी जिसके बारे मे जानकर आपको थोड़ी हैरानी जरूर होगी। राज कपूर जब भी अपने घर से बाहर किसी होटल में ठहरते थे तो कभी भी बेड पर नहीं बल्कि जमीन पर सोया करते थे। जब वह देश के किसी भी कोने में जाते थे तो अपने होटल के कमरे में वह बेड से गद्दा खींच लेते थे और जमीन पर बिछा कर आराम से सोते थे।

वह देश में ही नहीं विदेश के होटलों में भी ऐसा ही करते थे। ऐसे में एक बार राज कपूर काम से लंदन गए थे। यहां उनके लिए होटल में एक शानदार कमरा बुक किया गया था। जब राज कपूर ने वहां भी ऐसा किया और उस होटल के मैनेजमेंट को इस बात की खबर लगी तो लेजेंड की इस आदत से वह हैरान रह गए।

राज कपूर की बेटी ऋतु नंदा ने एक बार एक इंटरव्यू में इस बारे में जिक्र किया था और बताया था कि राज कपूर को होटल के बिस्तर पर नींद नहीं आया करती थी। उन्होंने बताया था कि एक बार राज कपूर फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनने के लिए लंदन पहुंचे थे। वहां मशहूर होटल हिल्टन में उन्हें ठहराने के प्रबंध किए गए थे।

आलीशान होटल के कमरे में जब राज कपूर ने एंट्री मारी तो अपने हिसाब से रात होते ही उन्होंने बिस्तर पर रखे गद्दे को जमीन पर उतार लिया। अब राज कपूर खाना भी अपने रूम पर ही मंगाया करते थे। ऐसे में जब उनका डिनर कमरे में आया तो खाना लाने वाले ने कमरे के अंदर का नजारा देखा और मैनेजमेंट को इस बात की जानकारी दी।

मैनेजमेंट के नोटिस में आने के बाद राज कपूर को टोका गया और कहा गया कि वे ऐसा न करें। राज कपूर को मना करने के बाद भी अगले दिन उन्होंने फिर वही काम किया। ऐसे में मैनेजमेंट उनकी इस आदत से परेशान हो गया। हार कर उन्हें राज कपूर पर बात न मानने के लिए जुर्माना लगाना पड़ा। उस होटल में राज कपूर 5 दिन रहे थे। ऐसे में पांचों दिन राज कपूर ने अपनी आदत के मुताबिक जमीन पर बिस्तर लगाया। वहीं मैनेजमेंट ने भी पाचों दिन उनपर जुर्माना लगाया था।

Back to top button