Uncategorized

मॉनसून से पहले दिल्ली-एनसीआर का मौसम कूल-कूल, बादलों का डेरा; कई इलाकों में बारिश …

नोएडा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मंगलवार को दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 71 प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मार्च से ही भीषण गर्मी झेलते आ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बादलों ने राहत दी है। मॉनसून से पहले ही मौसम कूल-कूल हो गया है। आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिया है। मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है।

दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी)के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। आसमान मुख्यतौर पर साफ रहेगा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को सुबह वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। सुबह साढ़े नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 132 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

Back to top button