Uncategorized

जानलेवा जश्न: लड़कियों ने जमकर पी शराब, फिर कार से बाइक सवार को कुचला…

इंदौर। शराब पीकर एक्सीडेंट करने के अधिकांश मामले पुरुषों के ही सामने आते हैं पर लगता है अब लड़कियां इस मामले में भी पीछे नहीं रहना चाहतीं। इंदौर में एक ऐसा ही केस सामने आया है जिसमें लड़कियों ने पहले तो जमकर शराब पी फिर अपनी कार से एक बाइक सवार को कुचल डाला। शराबी लड़कियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

शुक्रवार देर रात को यह दुर्घटना हुई। नशे में चूर लड़कियों की कार इतनी स्पीड में थी कि तीन बार पलट गई थी। इसके बाद वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार के सिर के ऊपर से गुजर गई। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। एबी रोड पर हुए इस हादसे को देखकर भीड़ एकत्रित हो गई। भीड़ ने कार में तोड़फोड़ की और कार में बैठी चारों लड़कियों को घेर लिया।

सूचना मिलने पर लड़कियों के परिजन और राजेंद्र नगर थाना पुलिस भी आ गई। पुलिस ने बमुश्किल भीड़ से लड़कियों को छुड़ाया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कार ड्राइव कर रही लड़की सहित सभी लड़कियों ने इतनी अधिक शराब पी रखी थी कि वे ठीक से खड़े तक नहीं हो पा रहीं थीं। दुर्घटनाग्रस्त कार नितिन माहेश्वरी के नाम पर रजिस्टर्ड है जबकि इसे चलानेवाली लड़की का नाम गार्गी माहेश्वरी बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार कार तीन पलटी खाने के बाद बाइक सवार पर गिरी। राजेंद्र नगर TI अमृता सोलंकी के अनुसार मृतक का नाम देवीलाल है। राजेंद्र नगर ब्रिज के पास यह हादसा हुआ. नशे में चूर होने से लड़कियां कार से निकल भी नहीं पा रहीं थी। इनमें से तीन लड़कियों ने खुद को नाबालिग बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की।

Back to top button