बुजुर्ग पेड़ों को नया जीवन देने भोपाल में बना देश का अनोखा शेल्टर होम ….
भोपाल. बुजुर्ग पेड़ों को नया जीवन और उनकी सेवा के लिए देश का पहला शेल्टर होम मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बनकर तैयार हो चुका है। इस शेल्टर होम का नाम ‘श्रीराम शतायु वनाश्रम’ रखा गया है। यहां प्राकृतिक आपदा के दौरान उखड़ जाने वाले या 100 साल की उम्र पार कर चुके पेड़ों को स्थान दिया जाएगा। देश के इस अनोखे शेल्टर होम का निर्माण श्रीराम आस्था मिशन और भोपाल नगर निगम द्वारा कराया गया है।
शहर के राजाभोज विमानतल के नजदीक एक एकड़ की जमीन पर इस अनोखे शेल्टर होम का निर्माण किया गया है। इस वनाश्रम में अभी आठ पेड़ों को शेल्टर देकर नया जीवन प्रदान किया जाएगा। अब तक यहां लाए गए सभी पेड़ अपनी उम्र की सदी पार कर चुके हैं। लेकिन, यहां उनकी देखभाल करने के बाद उनमें एक बार फिर कोपलें फूटने लगी हैं। सीएम हाउस के सामने 22 अगस्त को गिरे सतपर्णी के पेड़ को भी शेल्टर होम लाकर नया जीवन प्रदान किया गया है।
इस संबंध में राम आस्था मिशन के प्रवक्ता लब्धि शाह का कहना है कि, श्रीराम शतायु वनाश्रम यानी शेल्टर होम बनाने का विचार कमला पार्क में गिरे बरगद के पेड़ को पुर्नस्थापित करने के दौरान आया। इसके बाद यहां 90 से 100 साल की उम्र के पेड़ों को शिफ्ट किया गया है। इसमें से फाइकस प्रजाति के पेड़ों में कोपलें निकलने लगी हैं। शाह के अनुसार, रिवेरा टाउन के पास बन रहे राहुल नगर में 90 से 100 वर्ष पुराने 6 पेड़ हैं। इनमें तीन इमली, दो गुलमोहर और एक गुलतर्रा प्रजाति के पेड़ हैं। इन्हें भी आने वाले तीन महीनों में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
अगर किसी के यहां बुजुर्ग पेड़ गिर गया हो तो उसे हटाने के लिए शहरवासी पहले मोबाइल नंबर 92000-52000 पर संपर्क कर सकते हैं। ऐसे पेड़ों को श्रीराम शतायु वनाश्रम द्वारा नि:शुल्क शिफ्ट करने की व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त केवीएस चौधरी का कहना है कि, शहर में कई पेड़ 100 साल से ज्यादा उम्र के हैं। ऐसे में नगर निगम और राम आस्था मिशन के संयुक्त प्रयास से पेड़ों के लिए शेल्टर होम बनाया गया है। इसमें प्राकृतिक आपदा के अलावा अन्य बुजुर्ग पेड़ों को पुर्नस्थापित कर उन्हें नया जीवन देने का प्रयास किया जा रहा है।